1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ‘योगी’ ने जापान में जीता चुनाव, यह कारनामा करने वाले पहले भारतवंशी बने

‘योगी’ ने जापान में जीता चुनाव, यह कारनामा करने वाले पहले भारतवंशी बने

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 24, 2019 11:18 am IST,  Updated : Apr 24, 2019 11:18 am IST

भारतीय मूल के एक जापानी व्यक्ति ने इतिहास रचते हुए तोक्यो के इदोगावा वार्ड असेम्बली चुनाव में जीत हासिल की है।

Puranik Yogendra ‘Yogi’ | Twitter Image- India TV Hindi
Puranik Yogendra ‘Yogi’ | Twitter Image

तोक्यो: भारतीय मूल के एक जापानी व्यक्ति ने इतिहास रचते हुए तोक्यो के इदोगावा वार्ड असेम्बली चुनाव में जीत हासिल की है। जापान के किसी भी तरह के चुनाव में जीत हासिल करने का कारनामा करने वाले भारतीय मूल के वह पहले शख्स बन गए हैं। जापान की नागरिकता ग्रहण कर चुके पुराणिक योगेंद्र (41) को कुल पड़े 2,26,561 वैध मतों में से पांचवें सर्वाधिक 6,447 मत मिले। उन्हें लोग प्यार से ‘योगी’ बुलाते हैं। यह चुनाव 21 अप्रैल को हुआ था और इसमें जापान में संयुक्त स्थानीय चुनावों के लिए मत डाले गए थे। जापान के समाचार पत्र आशी शिमबुन ने यह खबर दी है।

जापान की कांस्टीटयूशनल डेमोक्रेटिक पार्टी के समर्थन से जीत हासिल करने वाले ‘योगी’ ने कहा, ‘मैं जापानी और विदेशियों के मध्य पुल का काम करना चाहता हूं।’ इदोगावा वार्ड ऐसा इलाका है जहां पर भारतीय सबसे अधिक संख्या में रहते हैं। तोक्यो के इस वार्ड में 4,300 या उससे अधिक भारतीय रहते है जबकि जापान में रहने वाले कुल भारतीयों की तादाद 34 हजार है। इदोगावा वार्ड में चीनी और कोरियाई भी बड़ी संख्या में रहते है।

योगी 1997 में तब जापान आये थे जब वह विश्वविद्यालय के छात्र थे। वह दो साल के अध्ययन के बाद वापस आ गये और फिर 2001 में बतौर इंजीनियर काम करने पहुंचे। बाद में उन्होंने बैंक और दूसरी कंपनियों में काम किया। वह इदोगावा वार्ड में 2005 से रह रहे है। बाद में उन्होंने जापान की नागरिकता हासिल की और राजनीति में कदम रख दिया।

चेजिंग डायनामिक्स ऑफ इंडिया-जापान रिलेशंस के लेखक शमशाद खान ने कहा, ‘जापान के चुनावों में भारतीय मूल के जापानी नागरिक की यह पहली जीत है। यह जापान के समाज में भारतीयों के योगदान की पहचान भी है।’ (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश