1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. सऊदी अरब ने तख्ता पलट की साजिश को नाकाम करने के बाद जारी की किंग सलमान की तस्वीर

सऊदी अरब ने तख्ता पलट की साजिश को नाकाम करने के बाद जारी की किंग सलमान की तस्वीर

 Reported By: Bhasha
 Published : Mar 08, 2020 09:03 pm IST,  Updated : Mar 08, 2020 09:03 pm IST

सऊदी अरब ने रविवार को शाह सलमान की शाही जिम्मेदारियां निभाते हुए तस्वीर जारी की। यह तस्वीर तख्ता पलट की साजिश को नाकाम करने और शाह सलमान के भाई और भतीजे सहित कम से कम तीन राजकुमारों की गिरफ्तारी के बाद जारी की गई है।

सऊदी अरब ने तख्ता पलट...- India TV Hindi
सऊदी अरब ने तख्ता पलट की साजिश को नाकाम करने के बाद किंग सलमान की तस्वीर जारी की

रियाद: सऊदी अरब ने रविवार को शाह सलमान की शाही जिम्मेदारियां निभाते हुए तस्वीर जारी की। यह तस्वीर तख्ता पलट की साजिश को नाकाम करने और शाह सलमान के भाई और भतीजे सहित कम से कम तीन राजकुमारों की गिरफ्तारी के बाद जारी की गई है। कई सूत्रों ने बताया कि सऊदी रॉयल गार्ड ने शुक्रवार को तीनों राजकुमारों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि यह सत्ता पर युवराज मोहम्मद बिन सलमान की मजबूत होती पकड़ का संकेत है।

इन गिरफ्तारियों के बाद 84 वर्षीय शाह सलमान की सेहत और युवराज मोहम्मद सलमान के अरब जगत के सबसे ताकतवर राजगद्दी पर राजतिलक को लेकर कयासों का दौर शुरू हो गया। हालांकि, अधिकारिक सऊदी प्रेस एजेंसी ने तस्वीर जारी की जिसमें वह यूक्रेन और उरुग्वे में नियुक्त सऊदी राजदूत को शपथ दिलाते हुए दिख रहे हैं।

सऊदी नेतृत्व के करीबी सूत्रों ने शनिवार को बताया कि शाह सलमान स्वस्थ हैं और राजकुमारों की गिरफ्तारी शाही परिवार में अनुशासन बनाए रखने के लिए की गई। सूत्रों ने बताया कि शाह सलमान के भाई राजकुमार अहमद बिन अब्दुल अजीज अल सउद और उनके भतीजे राजकुमार मोहम्मद बिन नयफ को तख्तापलट करने और युवराज को पदच्युत करने की साजिश रचने के आरोप में हिरासत में लिया गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में राजकुमार नयफ के छोटे भाई राजकुमार नवाफ बिन नयफ को भी हिरासत में लिया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश