1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान के पेशावर में सिख हकीम की गोली मारकर हत्या, हमलावर फरार

पाकिस्तान के पेशावर में सिख हकीम की गोली मारकर हत्या, हमलावर फरार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 30, 2021 08:49 pm IST,  Updated : Sep 30, 2021 08:49 pm IST

बता दें कि पेशावर पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की राजधानी है जिसका बॉर्डर अफगानिस्तान से लगता है।

Pakistan, Pakistan Sikh, Pakistan Sikh Murder, Pakistan Sikh Shot Dead- India TV Hindi
पाकिस्तान के पेशावर में गुरुवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने एक सिख हकीम की गोली मारकर हत्या कर दी। Image Source : TWITTER

पेशावर: पाकिस्तान के पेशावर में गुरुवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने एक सिख हकीम की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि हकीम सरदार सतनाम सिंह (खालसा) अपने क्लीनिक पर थे तभी हमलावर उनके केबिन में घुस गए और गोलियां चला दीं। पुलिस ने कहा कि सिंह को 4 गोलियां लगीं और उनकी मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार होने में सफल रहे।

‘20 साल से पेशावर में रह रहे थे सतनाम सिंह’

पेशावर में सिख समुदाय के प्रतिष्ठित सदस्य सिंह चरसद्दा रोड पर क्लीनिक चला रहे थे। पेशावर में करीब 15,000 सिख रहते हैं जिनमें अधिकतर कारोबार करते हैं और कुछ फार्मेसी चलाते हैं। पुलिस आतंकवाद की संभावना समेत विभिन्न कोणों से मामले की जांच कर रही है। अभी तक पुलिस हत्या के कारणों का पता नहीं लगा पाई है। बता दें कि पेशावर पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की राजधानी है जिसका बॉर्डर अफगानिस्तान से लगता है। 45 वर्षीय सतनाम सिंह पिछले 20 साल से पेशावर में रह रहे थे और एक हर्बल दवाखाना चलाते थे।


आज भी पाकिस्तान में रहते हैं हजारों सिख
एक स्थानीय सिख नेता हरपाल सिंह ने घटना की निंदा की और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। बता दें कि भारत के बंटवारे के बाद अधिकांश सिख पाकिस्तान से भारत आ गए थे, लेकिन फिर भी हजारों पाकिस्तान में ही रह गए थे। पिछले कुछ सालों में पाकिस्तान में हिंदुओं, सिखों और ईसाइयों पर हमलों में बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। सिर्फ इतना ही नहीं, पाकिस्तान में अहमदिया और शिया मुस्लिमों पर भी हाल के समय में काफी हमले देखने को मिले हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश