1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. चीन और ताइवान के बीच बढ़ा तनाव, रक्षा मंत्री बोले- हम अपने बचाव के लिए तैयार

चीन और ताइवान के बीच बढ़ा तनाव, रक्षा मंत्री बोले- हम अपने बचाव के लिए तैयार

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 28, 2021 01:37 pm IST,  Updated : Oct 28, 2021 01:37 pm IST

ताइवान को चीन अपना हिस्सा मानता है जबकि अमेरिका उसे 1979 में ही अलग देश की मान्यता दे चुका है। ताइवान में पूरी तरह से स्वतंत्र सरकार चलती है और चीन रह रहकर ताइवान को धमकाता रहता है।

चीन और ताइवान के बीच...- India TV Hindi
चीन और ताइवान के बीच बढ़ा तनाव, रक्षा मंत्री बोले- हम अपने बचाव के लिए तैयार Image Source : FILE PHOTO

ताइपे: चीन और ताइवान के बीच में तनाव गहराता जा रहा है, ताइवान के रक्षा मंत्री चिउ कुओ चेंग ने चीन को दो टूक शब्दों में कह दिया है कि ताइवान अपने बचाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। ताइवान के रक्षा मंत्री ने साफ कहा है कि अगर चीन उनके देश के ऊपर आक्रमण करता है और दुनिया का कोई देश उनकी सहायता नहीं करता तो भी वे अपनी रक्षा के लिए लड़ेंगे और ताइवान अपने बचाव के लिए तैयार है। ताइवान के रक्षा मंत्री ने यह भी कहा है कि अमेरिका उनकी सहायता कर सकता है और उन्हें इसका पूरा यकीन है।

ताइवान के रक्षा मंत्री से पहले वहां के राष्ट्रपति त्साई इंग वेन ने भी चीन को लेकर आक्रामक बयान दिया है। सीएनएन को दिए इंटरव्यू में ताइवान के राष्ट्रपति ने कहा है कि चीन से लड़ने के लिए अमेरिकी सैनिक ताइवान के सैनिकों को ताइवान में ही प्रशिक्षण दे रहे हैं। राष्ट्रपति ने यह भी कहा है कि उन्हें इस बात का पूरा भरोसा है कि चीन अगर ताइवान पर हमला करता है तो अमेरिका उनकी सहायता के लिए खड़ा रहेगा।

ताइवान को चीन अपना हिस्सा मानता है जबकि अमेरिका उसे 1979 में ही अलग देश की मान्यता दे चुका है। ताइवान में पूरी तरह से स्वतंत्र सरकार चलती है और चीन रह रहकर ताइवान को धमकाता रहता है। पिछले कुछ सालों से चीन और ताइवान के बीच तनाव लगातार बढ़ा है और ताइवान के रक्षा मंत्री के अनुसार हाल के दिनों में तनाव 40 वर्षों में सबसे अधिक है।

हाल ही में चीन ने अपने 200 लड़ाकू विमान ताइवान के हवाई क्षेत्र में भेजे थे जिसके बाद चीन और ताइवान के बीच तनाव और भी ज्यादा बढ़ गया है। अमेरिका की तरफ से भी ताइवान की सहायता का भरोसा दिया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने हाल में कहा था कि अगर ताइवान पर चीन हमला करता है तो अमेरिका उसके बचाव में सामने आएगा। बाइडेन ने कहा था कि ताइवान की रक्षा के लिए अमेरिका प्रतिबद्ध है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश