1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. अब तालिबान ने किया जलालाबाद पर कब्जा, पूर्वी हिस्से से कटा काबुल

अब तालिबान ने किया जलालाबाद पर कब्जा, पूर्वी हिस्से से कटा काबुल

 Reported By: Bhasha
 Published : Aug 15, 2021 09:49 am IST,  Updated : Aug 15, 2021 09:49 am IST

अफगानिस्तान के एक सांसद और तालिबान ने कहा है कि चरमपंथियों ने जलालाबाद पर कब्जा कर लिया है और काबुल देश के पूर्वी हिस्से से कट गया है।

तालिबान ने जलालाबाद...- India TV Hindi
तालिबान ने जलालाबाद पर कब्जा किया, पूर्वी हिस्से से कटा काबुल Image Source : PTI

काबुल: अफगानिस्तान के एक सांसद और तालिबान ने कहा है कि चरमपंथियों ने जलालाबाद पर कब्जा कर लिया है और काबुल देश के पूर्वी हिस्से से कट गया है। तालिबान ने रविवार सुबह कुछ तस्वीरें ऑनलाइन जारी कीं जिनमें उसके लोगों को नांगरहार प्रांत की राजधानी जलालाबाद में गवर्नर के दफ्तर में देखा जा सकता है। प्रांत के सांसद अबरारुल्ला मुराद ने एसोसिएटिड प्रेस को बताया कि चरमपंथियों ने जलालाबाद पर कब्जा कर लिया है।

तालिबान ने पिछले सप्ताह में अफगानिस्तान के बड़े हिस्से पर कब्जा कर लिया था जिसके बाद अफगानिस्तान की केंद्र सरकार पर दबाव बढ़ गया है। उधर अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा ने वहां मौजूद अपने राजनयिक स्टाफ की मदद के लिए सैनिकों को भेजा है।

वहीं, आपको बता दें कि इससे पहले तालिबान ने उत्तरी अफगानिस्तान में एक बड़े और मजबूत रक्षा पंक्ति वाले शहर पर कब्जा कर लिया जो अफगान सरकार के लिए एक बड़ा झटका है। साथ ही, अमेरिका के अपने सैनिकों को इस युद्धग्रस्त देश से वापस बुलाने की प्रक्रिया पूरी करने से पहले ही तालिबान राजधानी काबुल के नजदीक पहुंच गया है। अफगानिस्तान के चौथे सबसे बड़े शहर मजार-ए-शरीफ पर शनिवार को चौतरफा हमलों के बाद तालिबान का कब्जा हो गया। एक सांसद ने यह जानकारी दी।

इसके साथ ही, तालिबान का पूरे उत्तरी अफगानिस्तान पर कब्जा हो गया और अब सिर्फ मध्य और पूर्वी हिस्से ही पश्चिमी देश समर्थित सरकार के नियंत्रण में रह गये हैं। बल्ख के सांसद अबास इब्राहिमज़ादा ने कहा कि प्रांत की राष्ट्रीय सेना के कोर ने पहले आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद सरकार समर्थक मिलिशिया और अन्य बलों ने मनोबल खो दिया और हार मान ली। उन्होंने कहा कि हजारों लड़ाकों का नेतृत्व करने वाले अब्दुल राशिद और अता मोहम्मद नूर प्रांत से भाग गये हैं और उनका कोई अता-पता नहीं है। अफगानिस्तान के एक सांसद ने कहा कि तालिबान ने बिना लड़ाई के मध्य दाइकुंदी प्रांत पर कब्जा कर लिया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश