1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान को दगा देकर भारत से नजदीकियां बढ़ा रहा है अमेरिका: परवेज मुशर्रफ

पाकिस्तान को दगा देकर भारत से नजदीकियां बढ़ा रहा है अमेरिका: परवेज मुशर्रफ

 Reported By: Bhasha
 Published : May 26, 2018 06:26 pm IST,  Updated : May 26, 2018 06:26 pm IST

पाकिस्तान के पूर्व सैन्य तानाशाह परवेज मुशर्रफ ने अमेरिका पर पाकिस्तान के खिलाफ जाकर भारत से नजदीकी बढ़ाने का आरोप लगाया है...

United States aligning with India against Pakistan, says Pervez Musharraf | AP- India TV Hindi
United States aligning with India against Pakistan, says Pervez Musharraf | AP

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के पूर्व सैन्य तानाशाह परवेज मुशर्रफ ने अमेरिका पर पाकिस्तान के खिलाफ जाकर भारत से नजदीकी बढ़ाने का आरोप लगाया है। मुशर्रफ ने कहा है कि अमेरिका अपनी जरूरतों के हिसाब से पाकिस्तान से बर्ताव करता है और जब उसे इस्लामाबाद की जरूरत नहीं होती तो उसे ‘दगा’ दे देता है। एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व राष्ट्रपति और ऑल पाकिस्तान मुस्लिम लीग (APML) के प्रमुख ने वॉयस ऑफ अमेरिका को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि पाकिस्तान-अमेरिका संबंधों को काफी झटके लगे हैं और अभी यह अपने ‘सबसे निचले स्तर’ पर है।

देशद्रोह के आरोप का सामना कर रहे 74 साल के मुशर्रफ पिछले साल से दुबई में रह रहे हैं। उन्हें मेडिकल इलाज के लिए पाकिस्तान छोड़ने की इजाजत दी गई थी। मुशर्रफ ने कहा कि अमेरिका के साथ बैठ कर संवाद करने और दोनों देशों के संबंधों में आ रही समस्या का समाधान करने की जरूरत है। उन्होंने कहा, ‘यह अफगानिस्तान से जुड़़ा हुआ है। पाकिस्तान के खिलाफ आरोप हैं और दोनों देशों की अपनी शिकायतें हैं।’

दोनों देशों के तनावपूर्ण संबंधों का कारण पूछे जाने पर मुशर्रफ ने कहा, ‘अमेरिका ने शीत युद्ध के समय से ही खुलकर भारत का समर्थन किया है। और अब भी अमेरिका पाकिस्तान के खिलाफ जाकर भारत से नजदीकियां बढ़ा रहा है, जिससे हम सीधे तौर पर प्रभावित हो रहे हैं। किसी समस्या को एकतरफा तरीके से देखना नकारात्मक होता है।’ उन्होंने कहा, ‘लोग यह भी जानते हैं कि अमेरिका को जब जरूरत होती है तो वह हमारे पास आता है और जब जरूरत नहीं होती तो वह हमें दगा दे देता है।’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश