इस्लामाबाद: पिछले कुछ महीनों से आर्थिक और कूटनीतिक मोर्चों पर बुरी तरह जूझ रहे पाकिस्तान ने कहा है कि वह मसूद अजहर को लेकर किसी तरह के दबाव में नहीं आएगा। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल ने गुरुवार को कहा कि मसूद अजहर पर पाकिस्तान का रुख बिल्कुल साफ है और इस मसले पर वही फैसला लिया जाएगा जो मुल्क के हक में होगा। फैसल ने साफ कहा कि मसूद अजहर के मामले में वह किसी के भी दबाव में नहीं आएगा।
Related Stories
फैसल का यह बयान चीन के उन रिपोर्ट्स को खारिज करने के बाद आया है जिसमें यह कहा गया था कि अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस ने चीन को अल्टीमेटम दिया है कि वह संयुक्त राष्ट्र द्वारा जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख अजहर को अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित करने के मसले पर अपनी ‘तकनीकी रोक’ को हटा ले। फैसल ने कहा कि अजहर पर पाकिस्तान का रुख स्पष्ट है। भारत का आरोप है कि 14 फरवरी को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले के पीछे पाकिस्तान स्थित अजहर के जैश-ए-मोहम्मद का हाथ है।
आपको बता दें कि पुलवामा में हुए इस हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 40 जवान शहीद हो गए थे। अजहर को अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित करने पर चीन द्वारा तकनीकी रोक लगाए जाने के मसले पर फैसल ने कहा, ‘इस मामले में पाकिस्तान जो भी निर्णय करेगा वह उसके राष्ट्रहित में होगा। पाकिस्तान इसमें किसी के दबाव में नहीं आएगा।’ चीन ने बुधवार को उन खबरों को खारिज कर दिया कि अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस ने इस मामले पर उसे अल्टीमेटम दिया है।