1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. चीन के राष्ट्रपति ने ट्रंप, मेलानिया के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की

चीन के राष्ट्रपति ने ट्रंप, मेलानिया के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 03, 2020 06:32 pm IST,  Updated : Oct 03, 2020 06:32 pm IST

चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने कोरोना वायरस से संक्रमित अपने अमेरिकी समकक्ष डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया के शीघ्र स्वस्थ होने की शनिवार को कामना की।

Chinese President Xi Jinping- India TV Hindi
Chinese President Xi Jinping Image Source : ANI

बीजिंग। चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने कोरोना वायरस से संक्रमित अपने अमेरिकी समकक्ष डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया के शीघ्र स्वस्थ होने की शनिवार को कामना की। ट्रंप ने अपने संक्रमित हो जाने के बारे में शुक्रवार को ट्विटर पर जानकारी दी थी। इसके बाद दुनिया भर के नेताओं ने उनके स्वस्थ होने की कामना करते हुए अपने संदेश भेजे हैं।

सरकारी शिन्हुआ समाचार एजेंसी की खबर के मुताबिक शी ने ट्रंप को भेजे अपने संदेश में कहा ट्रंप और मेलानिया के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बारे में जान कर उन्होंने (शी) और उनकी पत्नी पेंग लियुआन ने सहानुभूति प्रकट की है तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। इससे पहले, चीनी राजनयिकों ने भी ट्रंप और अमेरिका की प्रथम महिला के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

अमेरिका में नियुक्त राजदूत चीनी राजदूत सी. तियानकाई ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘राष्ट्रपति ट्रंप और अमेरिका की प्रथम महिला के शीघ्र और पूरी तरह से स्वस्थ होने की मैं कामना करता हूं।’’ चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति (ट्रंप) और अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया के संक्रमित होने के बारे में जान कर दुख हुआ। दोनों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’’ 

गौरतलब है कि ट्रेड वॉर और कोरोना वायरस को लेकर अमेरिका और चीन के बीच रिश्ते बेहद खराब दौर से गुजर रहे हैं। चीन से निकले वायरस ने अमेरिका में सबसे अधिक तबाही मचाई है। अमेरिका में अब तक 75 लाख से अधिक लोग इस वायरस की चपेट में आ चुके हैं तो 2 लाख 13 हजार लोगों की जान जा चुकी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश