अदन: इस्लामिक स्टेट (IS) के आतंकवादियों द्वारा यमन में पिछले साल अगवा किए गए केरल के भारतीय पादरी ने फिर से एक नए वीडियो में मदद करने की अपील की है। कोटट्यम के रहने वाले पादरी टॉम उजुनलील पिछले साल मार्च में आतंकवादी समूह इस्लामिक स्टेट द्वारा अगवा कर लिए गए थे, जिसने अदन में मदर टेरेसा मिशनरीज ऑफ चैरिटी की ओर से संचालित वृद्धाश्रम पर हमला कर दिया था।
यमन के न्यूज पोर्टल 'www.aden-tm.net' पर सोमवार को पोस्ट किए गए वीडियो में उजुनलील ने कहा, ‘वे मेरे साथ अच्छा व्यवहार कर रहे हैं, जितना करने में वे सक्षम है।’ कमजोर दिख रहे उजुनलील ने कहा, ‘मेरा स्वास्थ्य तेजी से बिगड़ता जा रहा है और मुझे जितना जल्द हो सके, अस्पताल में भर्ती कराए जाने की जरूरत है।’ उजुनलील ने बताया कि अपहर्ताओं ने भारतीय सरकार और अबुधाबी के कैथोलिक बिशप से संपर्क किया, लेकिन उचित प्रतिक्रिया नहीं मिली।
उन्होंने कहा, ‘मेरे प्रिय परिवार के लोगों मुझे छुड़ाने के लिए आप जो सहायता कर सकते हैं कीजिए, कृपया मुझे छुड़ाने के लिए जो कुछ भी कर सकते हैं करिए..ईश्वर आप पर कृपा करे।’ वीडियो 14 अप्रैल को बनाया गया था, जिसकी प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं हुई है। इससे पहले के वीडियो में उजुनलील ने कहा था कि मीडिया में ऐसी खबरें आईं कि उनकी सुरक्षित रिहाई के लिए सबकुछ किया जा रहा है, लेकिन वास्तव में मालूम पड़ा कि कुछ भी नहीं किया गया।