1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान में 4 आत्मघाती हमलावरों समेत 25 आतंकवादी किए गए ढेर, गोला-बारूद और विस्फोटकों का जखीरा बरामद

पाकिस्तान में 4 आत्मघाती हमलावरों समेत 25 आतंकवादी किए गए ढेर, गोला-बारूद और विस्फोटकों का जखीरा बरामद

 Published : Oct 27, 2025 06:34 am IST,  Updated : Oct 27, 2025 07:02 am IST

पाकिस्तान में मारे गए आतंकवादियों के पास से बड़ी मात्रा में गोला-बारूद और विस्फोटकों का जखीरा बरामद हुआ है। मारे गए ये सभी आतंकी घुसपैठ करने की फिराक में थे।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : ANI

पाकिस्तान अपने बुरे कर्मों का फल खुद भुगत रहा है। दुश्मन देश पाकिस्तान आतंक के साये की चपेट में है। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में चार आत्मघाती हमलावरों समेत 25 आतंकवादियों को मार गिराया गया। ये सभी मारे गए आतंकी अफगानिस्तान की ओर से घुसपैठ करनी की कोशिश कर रहे थे। पाकिस्तानी सेना ने रविवार को यह जानकारी दी। 

आतंकियों के साथ झड़प में 5 सुरक्षाकर्मी भी मारे गए

पाक सेना ने कहा कि आतंकवादियों के साथ झड़पों में पांच सुरक्षाकर्मी भी मारे गए। सुरक्षा बलों ने शुक्रवार रात उत्तरी वजीरिस्तान और कुर्रम जिलों में चलाए गए दोनों अभियानों में हथियारों और विस्फोटकों का एक बड़ा जखीरा जब्त किया। सुरक्षा बलों ने कुर्रम जिले के गाकी और उत्तरी वजीरिस्तान जिले के स्पिनवाम के पास अफगानिस्तान से पाकिस्तान में घुसपैठ की कोशिश कर रहे आतंकवादियों के दो बड़े समूहों की गतिविधियों का पता लगाया।

फितना अल ख्वारिज से जुड़े थे 4 आत्मघाती हमलावर

सेना के बयान में कहा गया कि सैनिकों ने आतंकवादियों के इन समूहों से प्रभावी ढंग से मुकाबला किया और फितना अल ख्वारिज से जुड़े चार आत्मघाती हमलावरों सहित 15 ख्वारिज को मार गिराया। 

प्रतिबंधित संगठन है TTP

पाकिस्तान सरकार ने पिछले साल प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) को फितना अल-ख्वारिज के रूप में अधिसूचित किया था, जो इस्लामी इतिहास के एक ऐसे समूह का संदर्भ है जो हिंसा में शामिल था।

हथियारों का जखीरा बरामद

बयान में आगे कहा गया कि उसी दिन कुर्रम जिले के गाकी में घुसपैठ कर रहे 10 और आतंकवादी मारे गए। इन आतंकवादियों के पास से हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटकों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया गया।

पाकिस्तान में बढ़ीं आतंकी गतिविधियां

पिछले कुछ महीनों से पाकिस्तान में आतंकवादी हमलों में वृद्धि देखी गई है। खासकर खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में आतंकी हमले ज्यादा हो रहे हैं, जिनमें आतंकियों द्वारा ज्यादातर पुलिस, कानून प्रवर्तन कर्मियों और सुरक्षा बलों को निशाना बनाया जाता है। आतंकी हमलों की ये वृद्धि प्रतिबंधित टीटीपी द्वारा 2022 में सरकार के साथ संघर्ष विराम समझौते के उल्लंघन के बाद हुई है। पिछले हफ्ते सुरक्षा बलों ने खैबर पख्तूनख्वा में कई अभियानों के दौरान 34 आतंकवादियों को मार गिराया था।

(इनपुट-एएनआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश