1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. फिर धमाकों से दहला पाकिस्तान का बलूचिस्तान प्रांत, 1 व्यक्ति की मौत और 14 घायल

फिर धमाकों से दहला पाकिस्तान का बलूचिस्तान प्रांत, 1 व्यक्ति की मौत और 14 घायल

 Published : Mar 30, 2024 11:19 pm IST,  Updated : Mar 30, 2024 11:19 pm IST

पाकिस्तान का बलूचिस्तान प्रांत एक और बम धमाके से दहल गया है। इस विस्फोट में 1 व्यक्ति के मारे जाने की सूचना है। जबकि 14 लोग घायल बताए जा रहे हैं। पाकिस्तान पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह आईईडी ब्लास्ट था। अभी तक किसी ने घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है।

बलूचिस्तान ब्लास्ट (प्रतीकात्मक)- India TV Hindi
बलूचिस्तान ब्लास्ट (प्रतीकात्मक) Image Source : AP

इस्लामाबादः पाकिस्तान का अशांत बलूचिस्तान प्रांत एक बार फिर भीषण बम धमाकों से थर्रा उठा है। बलूचिस्तान प्रांत में हुए एक जोरदार बम धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 14 अन्य घायल हो गए। ब्लास्ट के बाद लोगों में चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। पाकिस्तान के अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मारी पेट्रोलियम कंपनी की टीम हरनाई जिले में इलाके में गैस की खोज करने के लिए सर्वेक्षण कर रही थी, तभी संवर्धित विस्फोटक उपकरण (आईईडी) में धमाका हुआ। 

पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार आईईडी ब्लास्ट होने की वजह से इसकी तीव्रता काफी अधिक थी। गनीमत थी कि ज्यादा लोग चपेट में नहीं आए। जो भी व्यक्ति और वाहन इसकी चपेट में आया उसके परखच्चे ही उड़ गए। हरनाई के उपायुक्त जावेद डोमकी ने धमाके की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हैं। हमले की तत्काल किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन प्रांत में जारी जातीय संघर्ष की वजह से अक्सर बलूच चरमपंथी सरकारी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाते रहे हैं। बलूच चरमपंथियों का संघीय सरकार पर प्रांत की खनिज संपदा का दोहन करने का आरोप है। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने हमले की निंदा की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे घायलों को सभी जरूरी चिकित्सा सहायता प्रदान करें।

चुनाव के वक्त भी हुआ था ब्लास्ट

बलूचिस्तान प्रांत में पाकिस्तान चुनाव के एक दिन पहले भी फरवरी में ब्लास्ट हुआ था। इसमें दर्जन भर से ज्यादा लोग मारे गए थे। तब एक राजनीतिक पार्टी के दफ्तर के बाहर यह ब्लास्ट हुआ था। बलूचिस्तान में अक्सर इस तरह के बम धमाके होते रहते हैं। पाकिस्तान पुलिस धमाके करने वाले का पता लगा रही है। (भाषा)

यह भी पढ़ें

कंबोडिया में फंसे 250 भारतीयों को विदेश मंत्रालय की पहल पर लाया गया वापस, कराया जा रहा था ये शर्मनाक काम

नहीं सुधर रहे पाकिस्तान के आर्थिक हालात, भारत की तर्ज पर PM शहबाज शरीफ ने किया इस राह पर चलने का ऐलान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश