1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. उस्मान हादी के हत्यारों पर बांग्लादेश पुलिस ने दिया बड़ा अपडेट, कहा- 'जानकारी नहीं...'

उस्मान हादी के हत्यारों पर बांग्लादेश पुलिस ने दिया बड़ा अपडेट, कहा- 'जानकारी नहीं...'

 Published : Dec 22, 2025 06:47 am IST,  Updated : Dec 22, 2025 06:58 am IST

बांग्लादेश पुलिस ने शरीफ उस्मान हादी की हत्या को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। पुलिस का कहना है कि मुख्य संदिग्ध के ठिकाने के बारे में उसके पास फिलहाल कोई विशिष्ट जानकारी नहीं है।

Bangladesh Police- India TV Hindi
Bangladesh Police Image Source : PTI

Bangladesh Police Sharif Osman Hadi Mueder: बांग्लादेश में युवा नेता और इंकलाब मंच के प्रमुख प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी की हत्या ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है। 12 दिसंबर 2025 को ढाका के पुराना पल्टन इलाके में दिनदहाड़े रिक्शा में सवार हादी पर मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोली चलाई थी इस हमले में हादी के सिर में गंभीर चोट लगी थी। गंभीर हालत में उन्हें सिंगापुर ले जाया गया, जहां 18 दिसंबर को इलाज के दौरान हादी की मौत हो गई थी। 

बांग्लादेश में बवाल

शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद बांग्लादेश के कई इलाकों में बड़े पैमाने पर हिंसक प्रदर्शन हुए। हादी की हत्या को राजनीतिक साजिश करार देते हुए अंतरिम सरकार पर दबाव बनाया। इस मामले में मुख्य संदिग्ध फैसल करीम मसूद को गोली चलाने वाला बताया जा रहा है, जबकि उसका साथी आलमगीर शेख मोटरसाइकिल चला रहा था। फैसल पूर्व छात्र लीग (अब प्रतिबंधित संगठन, जो पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग की छात्र इकाई थी) का नेता रहा है। जांच एजेंसियों ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर इन दोनों को चिह्नित किया है। हालांकि, अभी तक फैसल और आलमगीर फरार हैं।

बांग्लादेश पुलिस ने क्या कहा?

रविवार, 21 दिसंबर 2025 को गृह मंत्रालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बांग्लादेश पुलिस के अतिरिक्त महानिरीक्षक (एआईजीपी) खांडेकर रफीकुल इस्लाम ने मामले पर विस्तृत अपडेट दिया। उन्होंने कहा कि कानून प्रवर्तन एजेंसियां और खुफिया विभाग फैसल करीम मसूद का पता लगाने के लिए पूरी ताकत से काम कर रही हैं। उन्होंने कहा, "हमारे पास फैसल के आखिरी ठिकाने के बारे में कोई पुख्ता या विशिष्ट जानकारी नहीं है। पुलिस बल और खुफिया एजेंसियां इस बारे में पता लगाने के लिए लगातार काम कर रही हैं।" उन्होंने यह भी जोड़ा कि ऐसी कोई विश्वसनीय सूचना नहीं है जिससे यह पता चले कि संदिग्ध देश छोड़कर भाग गया है। हालांकि, विभिन्न स्रोतों से गलत या भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है, जिनकी जांच की जा रही है।

इंकलाब मंच ने दिया था अल्टीमेटम

पुलिस का यह बयान इंकलाब मंच की ओर से शनिवार को जारी 24 घंटे के अल्टीमेटम के ठीक एक दिन बाद आया है। मंच ने अंतरिम सरकार को चेतावनी देते हुए कहा था कि हादी के हत्यारों को गिरफ्तार किया जाए अन्यथा बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। पुलिस का यह बयान दबाव को कम करने और अफवाहों पर लगाम लगाने की कोशिश लगता है। जांच की प्रगति की बात करें तो अब तक 13-14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें फैसल के करीबी लोग शामिल हैं।

मोटरसाइकिल और हथियार बरामद

रैपिड एक्शन बटालियन (आरएबी) और पुलिस ने हमले में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है, साथ ही हथियार भी जब्त किए गए हैं। कुछ गिरफ्तार लोगों पर आरोप है कि उन्होंने फैसल को भागने में मदद की या सबूत छिपाए। पुलिस ने फैसल के देश छोड़ने पर रोक लगा दी है और उसके पासपोर्ट को ब्लॉक कर दिया गया है। इसके अलावा, पुलिस की अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने फैसल और उसके सहयोगियों के बैंक खातों में 127 करोड़ टका से अधिक की संदिग्ध लेन-देन की जानकारी पाई है। इस आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून के तहत अलग जांच शुरू की गई है। पहले की कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया था कि फैसल भारत की सीमा पार कर भाग गया है, लेकिन पुलिस ने रविवार को ऐसे किसी पुख्ता सबूत से इनकार किया। 

हादी की हत्या से सुलगा बांग्लादेश

हादी की हत्या ने बांग्लादेश की राजनीति को गरमा दिया है, खासकर आगामी चुनावों के मद्देनजर। हादी 2024 के छात्र आंदोलन के प्रमुख चेहरों में से एक थे, जिसने शेख हसीना सरकार को सत्ता से बेदखल किया था। उनकी मौत ने अंतरिम सरकार के लिए कानून-व्यवस्था की बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।  

यह भी पढ़ें:

उस्मान हादी की मौत के बाद एंटी इंडिया गतिविधियों को हवा दे रहे कट्टरपंथी, चटगांव में भारत ने बंद किया वीजा आवेदन केंद्र

Bangladesh Violence: कट्टरपंथियों ने BNP नेता के घर में लगाई आग, जलने से बच्ची की हुई मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश