1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पोलैंड रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने किया यूक्रेन का जिक्र, बोले 'जेलेंस्की से बातचीत की प्रतीक्षा'

पोलैंड रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने किया यूक्रेन का जिक्र, बोले 'जेलेंस्की से बातचीत की प्रतीक्षा'

 Published : Aug 21, 2024 10:40 am IST,  Updated : Aug 21, 2024 10:40 am IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पोलैंड के लिए रवाना हो गए हैं। पीएम मोदी पहले 21 और 22 अगस्त को पोलैंड के दौरे पर रहेंगे। पीएम मोदी पोलैंड में भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे। पोलैंड के बाद पीएम मोदी यूक्रेन भी जाएंगे।

PM Narendra Modi- India TV Hindi
PM Narendra Modi Image Source : FILE

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि वह यूक्रेन में जारी संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान पर अपना दृष्टिकोण साझा करने के लिए राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ पहले की बातचीत को आगे बढ़ाने के अवसर की प्रतीक्षा कर रहे हैं। पोलैंड और यूक्रेन की आधिकारिक यात्रा पर रवाना होने से पहले जारी एक बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने युद्धग्रस्त क्षेत्र में शांति और स्थिरता की जल्द बहाली की उम्मीद भी जताई। मोदी राष्ट्रपति जेलेंस्की के निमंत्रण पर यूक्रेन का दौरा कर रहे हैं। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यूक्रेन की पहली यात्रा है।

'शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली की उम्मीद'

पीएम मोदी ने कहा, "द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने और यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान पर दृष्टिकोण साझा करने के लिए राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ पहले की बातचीत को आगे बढ़ाने के अवसर की प्रतीक्षा कर रहा हूं।" उन्होंने कहा, "एक मित्र और साझेदार के रूप में हम क्षेत्र में शांति और स्थिरता की शीघ्र बहाली की उम्मीद करते हैं।" 

'यूरोप में  प्रमुख आर्थिक भागीदार है पोलौंड'

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पोलैंड की उनकी यात्रा दोनों देशों के राजनयिक संबंधों के 70 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हो रही है और देश मध्य यूरोप में एक प्रमुख आर्थिक भागीदार है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और बहुलवाद के प्रति हमारी आपसी प्रतिबद्धता दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करती है। पीएम ने कहा, "मैं हमारी साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए अपने मित्र प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क और राष्ट्रपति आंद्रेज डूडा से मिलने की आशा करता हूं।" 

भारतीय समुदाय से करेंगे मुलाकात

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि वह पोलैंड में जीवंत भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे। मोदी ने कहा, "मुझे विश्वास है कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच व्यापक संपर्क को बनाए रखने और आने वाले वर्षों में अधिक मजबूत एवं जीवंत संबंधों की नींव तैयार करने में मदद करेगी।" 

यह भी पढ़ें:

पीएम अनवर इब्राहिम ने बता दिया, जाकिर नाइक के खिलाफ भारत ने दिए सबूत तो क्या करेगा मलेशिया?

यूक्रेन ने रूस पर किया घातक वार, सेयम नदी पर बने सभी तीन पुलों को किया ध्वस्त

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश