1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. गाजा में चल रही भीषण जंग के बीच इस देश ने तोड़े इजराइल से राजनयिक संबंध

गाजा में चल रही भीषण जंग के बीच इस देश ने तोड़े इजराइल से राजनयिक संबंध

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Nov 01, 2023 07:37 pm IST,  Updated : Nov 01, 2023 08:38 pm IST

गाजा पट्टी में जारी भीषण इजरायली सैन्य हमले की निंदा करते हुए अमेरिकी महाद्वीप के एक देश ने इजराइल के साथ राजनयिक संबंध तोड़ने का फैसला किया है। उधर इजराइल के गाजा पर हमले जारी हैं।

गाजा में चल रही भीषण जंग- India TV Hindi
गाजा में चल रही भीषण जंग Image Source : PTI

Israel Hamas War: इजराइल और हमास की जंग खतरनाक हो चुकी है। इसी बीच इजराइल के खिलाफ न सिर्फ हमास बल्कि लेबनान स्थित हिजबुल्ला और यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से भी इजराइल पर हमले किए जा रहे हैं। कई मुस्लिम देश इजराइल का विरोध कर रहे हैं। इन सबके बीच इजराइल से बोलिविया ने अपने राजनयिक संबंध ​तोड़ लिए हैं। जानकारी के अनुसार बोलीविया सरकार ने गाजा पट्टी में हमास उग्रवादियों के खिलाफ इजरायली सैन्य हमले को समाप्त करने का अपील करते हुए मंगलवार को इजरायल के साथ राजनयिक संबंध खत्म कर दिए। बोलीविया के उप विदेश मंत्री फ्रेडी ममानी ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘बोलीविया ने गाजा पट्टी में जारी भीषण इजरायली सैन्य हमले की निंदा करते हुए इजराइल के साथ राजनयिक संबंध तोड़ने का फैसला किया है।’

पहले भी तोड़ चुका है संबंध

देश के वामपंथी राष्ट्रपति लुइस अर्से लंबे समय से इजरायल के आलोचक रहे हैं और इससे पहले 2009 में गाजा से जुड़ी लड़ाई को लेकर उन्होंने इजराइल के साथ राजनयिक संबंध तोड़ दिए थे। साल 2020 में राजनयिक संबंध फिर से बहाल हुए थे।

इजराइल की बमबारी के बीच मिस्र पहुंचे शरणार्थी

इजराइल लगातार गाजा पट्टी पर हमले कर रहा है। बम बरसाने से गाजा में भारी तबाही देखने को मिल रही है। गाजा में लोगों की मौतें हो रही हैं, वहीं वहां विदेशी पासपोर्ट धारक भी फंसे हुए थे। ऐसे 400 पासपोर्ट धारकों को जंग के बीच पहली बार गाजा क्षेत्र से बाहर निकलने की अनुमति मिली है। ये विदे​शी पासपोर्ट धारक राफा क्रॉसिंग के जरिए गाजा से मिस्र पहुंच गए हैं।

गाजा के शरणार्थी शिविरों में बने घरों को इजराइल ने किया ध्वस्त

इजराइल ने गाजा के शरणार्थी शिविरों में घरों पर जबरदस्त हवाई हमला किया है। इसमें सैकड़ों घर नष्ट हो गए हैं। इजराइली सेना द्वारा मंगलवार को किए गए हवाई हमलों ने गाजा शहर के समीप एक शरणार्थी शिविर में अपार्टमेंट इमारतों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान सामने आई फुटेज में बचावकर्मी पुरुषों, महिलाओं और बच्चों को मलबे से बाहर निकालते हुए दिखे। एक इंजीनियर ने दावा किया है कि उसके परिवार के 19 सदस्य इजरायली हमले में मारे गए हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश