1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. चीन की राजधानी बीजिंग में भारी बारिश और बाढ़ ने मचाई तबाही, 44 की मौत; लापता हैं 9 लोग

चीन की राजधानी बीजिंग में भारी बारिश और बाढ़ ने मचाई तबाही, 44 की मौत; लापता हैं 9 लोग

 Published : Jul 31, 2025 07:19 pm IST,  Updated : Jul 31, 2025 07:19 pm IST

चीन में भारी बारिश और बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। राजधानी बीजिंग में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यहां 44 लोगों की मौत हो चुकी है और 9 लोग लापता बताए जा रहे हैं।

China Rain And Flood- India TV Hindi
China Rain And Flood Image Source : AP

बीजिंग: चीन की राजधानी बीजिंग में बीते एक सप्ताह के दौरान मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ से अब तक 44 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 9 लोग लापता हैं। स्थानीय अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को इस बारे में जानकारी दी है। बीजिंग में पिछले चार दिन से अधिकारी आपदा राहत और बचाव अभियान संचालित कर रहे हैं, जबकि फिर से भारी बारिश होने से सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई है। बिजली आपूर्ति बाधित हो गई  है और बड़े पैमाने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। 

राष्ट्रपति शी ने दिए हैं राहत और बचाव के आदेश

सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ ने स्थानीय अधिकारियों के हवाले से बताया कि बारिश से संबंधित घटनाओं में 44 लोग मारे गए हैं और 9 अन्य लापता हैं। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, बीजिंग के उत्तरी पर्वतीय जिलों मियुन और यानकिंग से तूफानी बारिश और बाढ़ की चपेट में आने से लोगों की मौत की खबरें आई हैं। शनिवार को भारी बारिश शुरू हुई थी। इससे पहले, सोमवार को राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बाढ़ और भूगर्भीय आपदाओं से निपटने तथा लोगों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास करने का आदेश दिया था। 

China Rain And Flood
Image Source : APChina Rain And Flood

बारिश ने चीन को किया बेहाल

भारी बारिश के कारण आई बाढ़ और भूगर्भीय आपदा से वर्तमान में चीन के कुछ हिस्से प्रभावित हैं। कई आधिकारिक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अकेले बीजिंग में 80,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है, जबकि तूफानी बारिश से 31 सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं और 136 गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। 

यह भी जानें

चीन के वित्त मंत्रालय और आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने मंगलवार को बाढ़ से प्रभावित बीजिंग सहित प्रांतीय स्तर के 9 क्षेत्रों के लिए केंद्रीय सरकार के आपदा राहत कोष में 35 करोड़ युआन (4.89 करोड़ अमेरिकी डॉलर) आवंटित किए। समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार को चीन के राष्ट्रीय विकास एवं सुधार आयोग ने कहा कि उसने बीजिंग में आपदा राहत प्रयासों के लिए 20 करोड़ युआन (2.8 करोड़ अमेरिकी डॉलर) आवंटित किए हैं। (भाषा) 

यह भी पढ़ें:

पाकिस्तान में भारी बारिश ने मचाया हाहाकार, मकान की छत गिरने से 3 लोगों की हुई मौत

उफ्फ...! इसमें भी चीन के ही भरोसे, पाकिस्तान कभी अपने बूते कुछ कर भी पाएगा?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश