पेशावर: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के लक्की मरवत जिले में भारी बारिश के बाद एक मकान की छत गिरने से एक किशोर समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को इस हादसे के बारे में जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार, जिले की सराय नौरंग तहसील में यह घटना बुधवार देर रात उस समय हुई, जब मूसलाधार बारिश के चलते पहले से जर्जर मकान की छत भरभरा कर ढह गई। बचाव कर्मियों ने बताया कि स्थानीय निवासियों ने भी राहत अभियान में मदद की है।
हादसे के बाद अधिकारियों ने भारी बारिश के मद्देनजर इलाके में मौजूद अन्य जर्जर इमारतों के लिए चेतावनी भी जारी की है। अधिकारियों ने शनिवार को उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में हिमनदीय बाढ़ की चेतावनी दी थी और इस हफ्ते क्षेत्र में और अधिक बारिश होने का अनुमान जताया था। जब पहाड़ों पर जमी बर्फ से बनी झील टूट जाती है और बहुत सारा पानी नीचे बहने लगता है, तो उसे हिमनदीय बाढ़ कहते हैं।

स्थानीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रवक्ता अनवर शहजाद ने कहा कि खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में कहीं अधिक बारिश दर्ज की गई है। क्षेत्र में हिमनद झीलों के फटने की आशंका के चलते बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है।
बता दें कि, इससे पहले जुलाई महीने की शुरुआत में ही पाकिस्तान के कराची में एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत ढह गई थी इस हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई थी और आठ लोग जख्मी हुए थे। 1974 में बनी यह पांच मंजिला इमारत कराची के पुराने इलाकों में जर्जर इमारतों की सूची में थी। (भाषा)
यह भी पढ़ें:
उफ्फ...! इसमें भी चीन के ही भरोसे, पाकिस्तान कभी अपने बूते कुछ कर भी पाएगा?
पक रही है सियासी खिचड़ी! जानें क्यों पाकिस्तान की 2 दिवसीय यात्रा पर जाएंगे ईरान के राष्ट्रपति
संपादक की पसंद