1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. चीन की वजह से फिर दुनिया पर गिरेगी गाज! तेजी से बढ़ रही संक्रमण की सुनामी, अब नया वेरिएंट फैलने का खतरा, इन देशों में अलर्ट जारी

चीन की वजह से फिर दुनिया पर गिरेगी गाज! तेजी से बढ़ रही संक्रमण की सुनामी, अब नया वेरिएंट फैलने का खतरा, इन देशों में अलर्ट जारी

 Written By: Shilpa @Shilpaa30thakur
 Published : Dec 27, 2022 11:27 am IST,  Updated : Dec 27, 2022 11:33 am IST

Coronavirus in China: चीन में कोरोना वायरस जमकर अपना कहर बरपा रहा है। यहां करोड़ों की तादाद में मामले सामने आ रहे हैं। अब वैज्ञानिकों ने इसके एक और वेरिएंट के फैलने का खतरा जताया है।

चीन में कोरोना वायरस का कहर जारी- India TV Hindi
चीन में कोरोना वायरस का कहर जारी Image Source : AP

चीन में कोरोना वायरस खूब तबाही मचा रहा है। लाख तो छोड़िए, यहां रोजाना करोड़ों की संख्या में मामले सामने आ रहे हैं। आपको ये बात जानकर हैरानी होगी कि महज एक दिन में चीन में 3.7 करोड़ मामले मिलने का अनुमान जताया गया है। जो दुनिया के किसी देश में सामने आए अब तक के सबसे अधिक मामले हैं। इस बीच दुनिया के लिए एक और चिंता की खबर सामने आई है। वैज्ञानिकों ने चीन में कोरोना के नए वेरिएंट को लेकर चिंता जाहिर की है।

वैज्ञानिक चिंतित हैं कि चीन में तेजी से फैल रहा कोरोना संक्रमण दुनिया में एक नया कोरोना वायरस म्यूटेंट फैला सकता है। हालांकि वैज्ञानिक म्यूटेंट के बारे में नहीं बता पा रहे हैं, लेकिन उन्होंने इसके आने की संभावना जताई है। नया कोरोना वायरस म्यूटेंट ओमिक्रॉन वेरिएंट जैसा हो सकता है। वैज्ञानिकों का मानना ​​है कि यह स्ट्रेन्स का कॉम्बिनेशन हो सकता है, या कुछ पूरी तरह से अलग हो सकता है।

दक्षिण कोरिया, ब्राजील और जापान में अलर्ट

चीन में कोरोना के BF.7 वेरिएंट ने कोहराम मचाया हुआ है। वहीं चीन में 32 करोड़ से ज्यादा कोरोना के मरीज सामने आ चुके हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीन में रोजाना औसतन 2 करोड़ मामले आ रहे हैं। चीन में कोरोना से मरने वालों की संख्या रोजाना हजारों में है। ऐसे में चीन में दहशत का माहौल है, लेकिन भारत के साथ-साथ दुनिया भर में एक बार फिर कोरोना विस्फोट का डर पैदा हो गया है। इसके साथ ही चीन में कोरोना विस्फोट को देखते हुए दक्षिण कोरिया, ब्राजील और जापान में अलर्ट जारी किया गया है।

जनवरी में टोक्यों में पीक पर होगा कोरोना 

जापान में भी कोरोना वायरस अपने चरम पर दिखाई दे रहा है, जहां लोग नए साल के आने से पहले अपने घरों में कैद होने को मजबूर हो गए हैं। जापान में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, वहीं जनवरी की शुरुआत में राजधानी टोक्यो में संक्रमण चरम पर हो सकता है। जापान में मामलों में दिसंबर की शुरुआत से ही बढ़ोतरी देखी जा रही है। यहां 4 दिसंबर को 89,622 मामले सामने आए थे, उसके बाद से रोजाना कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। जहां 18 दिसंबर को 136,407 मामले थे, वहीं रविवार को यह बढ़कर 149,665 हो गए। जापान में एक दिन में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले अगस्त में सामने आए थे, जब करीब 260,000 लोग कोरोना के शिकार हुए थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश