1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. चीन नहीं कर पा रहा पाकिस्तान पर भरोसा, अब बीजिंग को रिझाने में जुटे पाक गृहमंत्री मोहसिन नकवी

चीन नहीं कर पा रहा पाकिस्तान पर भरोसा, अब बीजिंग को रिझाने में जुटे पाक गृहमंत्री मोहसिन नकवी

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Jun 27, 2024 07:18 pm IST,  Updated : Jun 27, 2024 07:26 pm IST

पाकिस्तान अपने जिस दोस्त चीन पर नाज करता है, अब उसे ही इस्लामाबाद पर भरोसा नहीं रह गया है। चीन का विश्वास अब पाकिस्तान से पूरी तरह उठ चुका है। इससे वह अपना कारोबार समेटना चाहता है। इस खबर से पाकिस्तान में खलबली मच गई है। अब पाकिस्तान चीन को रिझाने के प्रयास में है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : REUTERS

न्यूयॉर्क/इस्लामाबाद: चीन अब अपने दोस्त पाकिस्तान पर भरोसा नहीं कर पा रहा है। लिहाजा वह पाकिस्तान से अपने सभी कारोबार को समेटने की चेतावनी दे चुका है। इससे इस्लामाबाद में खलबली मची है।ऐसे में पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी अब बीजिंग को रिझाने में जुट गए हैं। उन्होंने बृहस्पतिवार को कहा कि पाकिस्तान को अपने सदाबहार साथी देश चीन की मित्रता पर 'गर्व' है। अब देश के कुछ संघर्षरत प्रांतों में बड़ी बुनियादी परियोजनाओं पर कार्य कर रहे चीनी नागरिकों की सुरक्षा के लिए 'पुख्ता इंतजाम' किये गये हैं।

जियो न्यूज की खबर के मुताबिक, नकवी ने न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र (संरा) में चीन के मिशन कार्यालय में अपने चीनी समकक्ष की यानजुम के साथ एक मुलाकात के दौरान यह टिप्पणी की। दोनों मंत्री फिलहाल संयुक्त राष्ट्र के एक सम्मेलन में भाग ले रहे हैं। नकवी ने कहा, ''चीनी नागरिकों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किये गये हैं।'' नकवी ने अपने चीनी समकक्ष को पाकिस्तान में दासू आतंकी हमले की जांच की प्रगति के बारे में जानकारी दी। इस हमले में कई चीनी नागरिक मारे गये थे।

चीनी नागरिकों की मौत से बीजिंग खफा

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में दूर-दराज के बेशाम इलाके में 26 मार्च को एक आत्मघाती हमलावर ने चीनी इंजीनियरों के काफिले को निशाना बनाया था। चीनी नागरिकों का ये काफिला प्रांत के कोहिस्तान जिले में दासू हाइड्रोइलेक्ट्रिक ऊर्जा संयंत्र के निर्माण स्थल की ओर जा रहा था। हमले में पांच चीनी नागरिक और वाहन चालक की मौत हो गई थी। वाहन चालक पाकिस्तानी था। खबर में नकवी के हवाले से कहा गया, ''हम सभी को चीन के साथ अपनी दोस्ती पर गर्व है।''

खबर के मुताबिक, चीन के मंत्री ने मुलाकात के बाद मामले में की जा रही जांच पर संतुष्टि जताई और कहा कि पाकिस्तान ने जिम्मेदार और पेशेवर तरीके से मामले की जांच को संभाला है। उन्होंने कहा, ''पाकिस्तान और चीन हमेशा से दोस्त रहे हैं। पाकिस्तान-चीन की मित्रता बेहद मजबूत है।'' दोनों मंत्रियों ने द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्र में सुरक्षा के मुद्दों पर भी चर्चा की। (भाषा) 

यह भी पढ़ें

पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान को बड़ा झटका, अदालत के इस फैसले से अब जेल से निकलना होगा मुश्किल


अफगानिस्तानी महिलाओं के साथ जुर्म पर सख्त हुआ UN, कहा-तालिबान को सरकार के तौर पर मान्यता देना असंभव

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश