1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. TMC नेता कुणाल घोष की कार पर हमला, ममता की रैली में जाते वक्त फेंके गए अंडे; देखें वीडियो

TMC नेता कुणाल घोष की कार पर हमला, ममता की रैली में जाते वक्त फेंके गए अंडे; देखें वीडियो

 Reported By: Onkar Sarkar,  Written By: Vinay Trivedi
 Published : Sep 26, 2026 03:26 pm IST,  Updated : Sep 26, 2026 04:02 pm IST

ममता बनर्जी की पार्टी के विधायक कुणाल घोष की कार पर अंडों और लाठी-डंडों पर हमला हुआ है। कुणाल घोष जब ममता बनर्जी की रैली में शामिल होने के लिए जा रहे थे, तभी रास्ते में ये अटैक हुआ।

Kunal Ghosh car attack- India TV Hindi
हुगली के उत्तर पारा इलाके में कुणाल घोष की कार पर अटैक। Image Source : REPORTERS INPUT

पश्चिम बंगाल के हुगली में ममता गुट के विधायक पर हमला हो गया है। दरअसल, विधायक कुणाल घोष ममता बनर्जी की रैली में शामिल होने जा रहे थे, इसी बीच उत्तर पारा इलाके में उनकी कार को कुछ लोगों ने घेर लिया और अंडे बरसाने शुरू कर दिए। साथ ही, उनकी गाड़ी पर पत्थरों और लाठियों से भी हमला किया। खुद कुणाल घोष ने ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं।

कुणाल घोष की गाड़ी पर अंडे और लाठी लेकर टूट पड़े लोग

बता दें कि आज ममता बनर्जी की रैली में शामिल होने के लिए हुगली जिले के श्रीरामपुर कोर्ट मैदान जा रहे ममता तृणमूल कांग्रेस के विधायक कुणाल घोष पर हमला हुआ है। जैसे ही कुणाल घोष की गाड़ी हुगली जिले के उत्तर पारा इलाके में पहुंची, गाड़ी पर लगातार अंडे फेंके गए। लोग उनकी गाड़ी पर पत्थर और लाठियां लेकर टूट पड़े।

उपद्रवियों ने कुणाल घोष को किया वापस जाने का इशारा

हमले के वीडियो में लोग कार पर अंडे मारते और धमकाते नजर आ रहे हैं। इसके साथी ही, उपद्रवी, कुणाल घोष से हाथ से इशारा करके वापस जाने के लिए भी कहते हुए दिख रहे हैं। इस दौरान, कुणाल घोष और उनके साथ मौजूद लोग कार में ही बैठे रहते हैं और मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर लेते हैं।

ममता बनर्जी ने पुलिस की भूमिका पर उठाए सवाल

कुणाल घोष पर हमले के मामले पर बोलते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि हमारे विधायक और तृणमूल कांग्रेस नेता के घर तक में तोड़फोड़ की गई है। कुणाल घोष की गाड़ी को नुकसान पहुंचाया गया है, उन पर हमला किया गया है और उन्हें घेर लिया गया है। जीटी रोड से लेकर उत्तरपाड़ा तक लोगों को स्वतंत्र रूप से आने-जाने से रोका जा रहा है। पुलिस कहां है? प्रशासन कहां है? कुछ भी नहीं किया जा रहा है। अगर प्रशासन खुद कार्रवाई नहीं करता और हर काम ऊपर से आदेश मिलने के बाद ही करना पड़ता है, तो फिर पुलिस की भूमिका क्या है? बंगाल में शांतिपूर्ण बदलाव के लिए कृपया सहयोग करें।

हाल में महुआ मोइत्रा पर भी अंडे से हुआ था हमला

इससे पहले, तृणमूल कांग्रेस की कृष्णानगर से सांसद महुआ मोइत्रा पर उनके लोकसभा क्षेत्र में ही अंडे से हमला हुआ था। महुआ मोइत्रा पर पुलिस सुरक्षा के बीच प्रदर्शनकारियों ने अंडे फेंके थे। ये घटना नदिया जिले के तेहट्टा क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां हौलिया चौराहे पर ममता तृणमूल कांग्रेस की एक मीटिंग आयोजित की गई थी।

बैठक के बाद कार में बैठकर फेसबुक लाइव कर रही थीं मोइत्रा

दरअसल, महुआ मोइत्रा मीटिंग के बाद जब अपनी कार में बैठकर फेसबुक पर लाइव कर रही थीं, तभी प्रदर्शनकारियों की तरफ से उनकी ओर अंडे फेंके गए थे। इस दौरान, महुआ मोइत्रा ने वायरल वीडियो में अपने ऊपर लगे अंडे भी दिखाए थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान 'गो बैक' के नारे भी लगाए थे।

ये भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल में संदेशखाली की TMC नेता मिठू सरदार पर महिलाओं ने अंडे फेंके, सामने आया VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।