Chinese Ship Fails To Break US Blockade: चीन से जुड़े एक अमेरिकी प्रतिबंधित टैंकर ने होर्मुज जलडमरूमध्य से बाहर निकलने के बाद अपना रास्ता बदल लिया। इस जलडमरूमध्य में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा घोषित नौसैनिक नाकेबंदी के बाद जहाजों की आवाजाही पर कड़ी नजर रखी जा रही है। शिपिंग डेटा के अनुसार टैंकर 'रिच स्टारी' बुधवार को होर्मुज जलडमरूमध्य में वापस लौट आया। इससे एक दिन पहले ही यह खाड़ी से बाहर निकला था लेकिन अमेरिका द्वारा लगाई गई नाकेबंदी को तोड़ने में नाकाम रहा।
ट्रंप ने किया था नाकेबंदी का ऐलान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नाकेबंदी की घोषणा की थी। यह कदम तब उठाया गया जब इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच हुई शांति वार्ता किसी समझौते तक पहुंचने में विफल रही। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर कहा, "पहले 24 घंटों के दौरान, कोई भी जहाज अमेरिकी नाकेबंदी को पार नहीं कर सका।" चीन के स्वामित्व वाला यह टैंकर उन कम से कम 8 जहाजों में शामिल था जो मंगलवार को अमेरिकी नाकेबंदी के पहले दिन इस जलमार्ग से गुजर रहे थे।
मेथनॉल ले जा रहा था टैंकर
एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को ओमान की खाड़ी पर स्थित ईरानी बंदरगाह चाबहार से निकलने की कोशिश कर रहे 2 तेल टैंकरों को एक अमेरिकी विध्वंसक जहाज ने रोक दिया। 'रिच स्टारी' और उसके मालिक, 'शंघाई जुआनरुण शिपिंग कंपनी' को ईरान के साथ व्यापार करने के कारण अमेरिकी प्रतिबंधों के दायरे में रखा गया था। Kpler के डेटा के अनुसार, 'रिच स्टारी' एक मध्यम श्रेणी का टैंकर है जो लगभग 250,000 बैरल मेथनॉल ले जा रहा है। इस मेथनॉल को संयुक्त अरब अमीरात के हमरिया बंदरगाह पर लादा गया था।
क्या कहते हैं आंकड़े?
अमेरिकी नाकेबंदी के कारण जहाजरानी कंपनियों, तेल कंपनियों और युद्ध जोखिम बीमा करने वालों के लिए अनिश्चितता बढ़ गई है। उद्योग से जुड़े लोगों ने बताया कि अब जहाजों की आवाजाही बहुत कम हो गई है। पहले 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू होने से पहले, रोजाना 130 से ज्यादा जहाज गुजरते करते थे। अब उस संख्या का सिर्फ एक छोटा सा हिस्सा ही बचा है।
यह भी पढ़ें:
डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान, बोले- 'खत्म होने के करीब है ईरान के साथ जंग'
ईरान के एनरिच्ड यूरेनियम को लेकर छिड़ा घमासान, रूस ने बताया क्या है उसका प्लान