1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. Covid-19 in North Korea: एक दिन में 2 लाख से ज्यादा लोगों को 'बुखार', चपेट में अब तक 24 लाख लोग, 66 मौतें

Covid-19 in North Korea: एक दिन में 2 लाख से ज्यादा लोगों को 'बुखार', चपेट में अब तक 24 लाख लोग, 66 मौतें

 Edited By: Malaika Imam
 Published : May 21, 2022 01:05 pm IST,  Updated : May 21, 2022 01:13 pm IST

Covid-19 in North Korea: उत्तर कोरिया की सेंट्रल न्यूज एजेंसी के अनुसार, शुक्रवार को शाम छह बजे तक 24 घंटे में उत्तर कोरिया के करीब 2,19,030 लोगों में बुखार के लक्षण पाए गए।

Kim Jong Un- India TV Hindi
Covid-19 in North Korea Image Source : KIM JONG UN (PHOTO- PTI)

Highlights

  • एक दिन में 2 लाख 20 हजार लोगों में बुखार के लक्षण
  • किम ने शहरों के बीच यात्रा पर लगाई सख्त पाबंदियां
  • किम जोंग उन बोले- संक्रमण का प्रसार नियंत्रण में है

Covid-19 in North Korea: उत्तर कोरिया ने शनिवार को कहा कि करीब 2,20,000 और लोगों में बुखार के लक्षण पाए गए हैं। वहीं, उसके नेता किम जोंग उन ने कोविड-19 के प्रसार को धीमा होने का दावा किया है। देश की 2.6 करोड़ की आबादी ने कोविड-19 रोधी टीके की खुराक नहीं ली है। कोरोना वायरस के इस प्रसार ने दुनिया की सबसे खराब स्वास्थ्य प्रणाली वाले गरीब और अलग-थलग पड़े देश में गंभीर स्थिति को लेकर चिंता पैदा कर दी है। 

विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर कोरिया संक्रमण के प्रसार के सही पैमाने को कमतर कर रहा है। उत्तर कोरिया की सेंट्रल न्यूज एजेंसी के अनुसार, शुक्रवार को शाम छह बजे तक 24 घंटे में उत्तर कोरिया के करीब 2,19,030 लोगों में बुखार के लक्षण पाए गए। लगातार 5वें दिन बुखार के मरीजों में यह करीब 2,00,000 मामलों की वृद्धि है। 

उत्तर कोरिया ने कहा कि अप्रैल के अंत से तेजी से फैल रहे अज्ञात बुखार के कारण 24 लाख से अधिक लोग बीमार पड़ गए हैं और 66 लोगों की मौत हो चुकी है। किम ने शहरों के बीच यात्रा पर सख्त पाबंदियां भी लगाई हैं और राजधानी प्योंगयांग में दवा की दुकानों तक दवाइयों को पहुंचाने में मदद के लिए हजारों सैनिकों को तैनात किया है। 

राजधानी प्योंगयांग इस संक्रमण का केंद्र है। किम ने शनिवार को सत्तारूढ़ पार्टी पोलितब्यूरो की बैठक में कहा कि देश में संक्रमण का प्रसार नियंत्रण में है। उन्होंने आर्थिक परेशानियों को कम करने के लिए महामारी संबंधी पाबंदियों में छूट देने का भी संकेत दिया। 

सरकारी मीडिया की ओर से जारी वीडियो में शनिवार को उत्तर कोरिया के शीर्ष सैन्य अधिकारी ह्योन चोल हेइ के अंतिम संस्कार के दौरान किम को रोते हुए भी देखा गया। ऐसा माना जाता है कि किम जोंग द्वितीय के शासन के दौरान उनके बेटे किम को भविष्य के नेता के तौर पर तैयार करने में चोल हेइ की अहम भूमिका थी। 

बता दें कि दो साल तक कोरोना वायरस की चपेट से दूर रहे उत्तर कोरिया में अब कोविड-19 संक्रमण तेजी से फैल रहा है। 13 मई को यहां कोविड-19 से पहली मौत का आधिकारिक एलान किया गया था। तब उत्तर कोरिया की स्टेट मीडिया ने ये भी कहा था कि देश में 3.50 लाख से ज्यादा लोग रहस्यमयी बुखार की चपेट में हैं, हालांकि इनके कोरोना संक्रमित होने का खुलासा नहीं किया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश