Israel-US-Iran War: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान पर 5 दिन हमले रोकने के ऐलान के बावजूद इजरायल और यूएस आर्मी ने तेहरान के एक अस्पताल को निशाना बनाया है। ईरान की प्रेस टीवी (Press TV) ने दावा किया है कि तेहरान के दक्षिण-पश्चिमी शहर एंडीमेश्क में स्थित इमाम अली अस्पताल पर अमेरिका और इजरायल ने सीधा हमला किया है। इससे अस्पताल को भारी नुकसान पहुंचा है। इस सीधे हमले के बाद अस्पताल को पूरी तरह खाली कर दिया गया है और अब यह सेवा से बाहर हो चुका है।
अस्पताल में तबाही का वीडियो आया सामने
प्रेस टीवी ने अस्पताल में हुई तबाही का वीडियो भी जारी किया है। इसमें देखा जा रहा है कि अस्पताल के ओपीडी, आईपीडी और इमरजेंसी सेवाओं का ढांचे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। यह शहर का यह एकमात्र प्रमुख अस्पताल था। ऐसे में हमला होने के कारण मरीजों को तुरंत दूसरे शहरों के अस्पतालों में स्थानांतरित करना पड़ा। अस्पताल की इमारत, मेडिकल उपकरण, लैबोरेटरी और गलियारों में काफी तबाही देखी गई। यह हमला हाल के दिनों में ईरान पर हुए अमेरिका-इजराइल संयुक्त हमलों की कड़ी में आया है, जिसमें खूजिस्तान प्रांत के एंडीमेश्क क्षेत्र को निशाना बनाया गया।
इजरायल-अमेरिका ने किया युद्ध अपराध
ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता होसैन करमानपूर के हवाले प्रेस टीवी ने बताया कि हवाई हमले में अस्पताल को भारी नुकसान हुआ है। ईरानी सरकार ने इसे युद्ध अपराध करार दिया है। अस्पताल में भर्ती मरीजों को असुविधा झेलनी पड़ी और इलाज की व्यवस्था बाधित हो गई। अभी तक अस्पताल में किसी बड़े हताहत की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एक बच्चे की मौत की खबर भी आई है। ईरानी मीडिया और सरकारी सूत्रों ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि नागरिक स्वास्थ्य सुविधाओं को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है। स्थानीय लोगों में गुस्सा है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। इस घटना से ईरान में स्वास्थ्य सेवाओं पर गहरा असर पड़ा है।