Donald Trump Xi Jinping Meeting: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की है। इस बैठक पर दुनिया की नजर थी और माना जा रहा है कि इससे 2 सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाले देशों के बीच ट्रेड वॉर को लेकर जारी तनाव कम हो सकता है। ट्रंप ने आक्रामक रूप से कई देशों पर टैरिफ लगाए हैं जिनमें चीन भी शामिल था। चीन ने टैरिफ वॉर के जवाब में दुर्लभ मृदा खनिजों के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया था। तनाव के बीच ट्रंप और शी की यह बैठक आवश्यक हो गई थी।
चीन पर कम हुआ 10 फीसदी टैरिफ
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन पर लगे टैरिफ को 10 फीसदी कम करने का ऐलान कर दिया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने ‘एयर फोर्स वन’ विमान में पत्रकारों से कहा कि अमेरिका इस वर्ष की शुरुआत में चीन पर लगाए गए 20 प्रतिशत के दंडात्मक शुल्क में कटौती कर इसे 10 प्रतिशत करेगा। ये शुल्क फेंटानिल बनाने में उपयोग होने वाले रसायनों की बिक्री को लेकर लगाए गए थे। इसके साथ ही चीन पर कुल संयुक्त शुल्क दर 57 प्रतिशत से घटकर 47 प्रतिशत रह जाएगी। ट्रंप ने कहा, ‘‘अगर मैं इस बैठक का शून्य से 10 के पैमाने पर आकलन करूं तो 10 अंक दूंगा, बल्कि मैं बैठक को 12 अंक दूंगा।’’ उन्होंने बताया कि वह अप्रैल में चीन की यात्रा करेंगे और शी जिनफिंग ‘‘उसके कुछ समय बाद’’ अमेरिका आएंगे।
क्या बोले ट्रंप और शी
ट्रंप से मुलाकात से पहले शी जिनपिंग से हाथ मिलाते हुए कहा, ‘‘हमारी मुलाकात बहुत सफल होने वाली है, इसमें मुझे कोई संदेह नहीं है।’’ अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि शी ‘बहुत सख्त वार्ताकार’ हैं। जब दोनों नेता आमने-सामने बैठे, तो शी ने अपने पूर्व में तैयार वक्तव्य पढ़े, जिनमें उन्होंने मतभेदों के बावजूद एक साथ काम करने की इच्छा पर जोर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे देशों की परिस्थितियां अलग-अलग हैं, इसलिए हमेशा हर मुद्दे पर हमारी राय एक जैसी नहीं हो सकती। दुनिया की 2 प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के बीच मतभेद होना सामान्य बात है।’’
कितने देर चली बैठक?
ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच बैठक लगभग 100 मिनट तक चली, जिसके बाद दोनों नेता बाहर आए, थोड़ी देर बातचीत की और हाथ मिलाए। ट्रंप ने शी के कान में कुछ कहा, जिसके बाद शी अपनी लिमोजिन में बैठ गए। थोड़ी देर बाद ट्रंप अमेरिका वापसी के लिए ‘एयर फोर्स वन’ विमान में सवार हो गए।
यह भी पढ़ें:
Russia Ukraine war: रूसी सैनिकों ने यूक्रेन के 2 शहरों को घेरा, जंग के बीच पुतिन का बड़ा दावाट्रंप का बड़ा ऐलान, बोले- दक्षिण कोरिया के साथ Nuclear Powered Submarine तकनीक साझा करेगा अमेरिका