1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. China Taiwan Conflict: स्पीडबोट के साथ ताइवान में घुसा चीनी नौसेना का पूर्व कैप्टन, मच गया हड़कंप

China Taiwan Conflict: स्पीडबोट के साथ ताइवान में घुसा चीनी नौसेना का पूर्व कैप्टन, मच गया हड़कंप

 Published : Jun 12, 2024 07:22 am IST,  Updated : Jun 12, 2024 07:31 am IST

चीन की नौसेना का एक पूर्व कैप्टन स्पीडबोट लेकर ताइवान में घुस गया। घटना को लेकर ताइवान के रक्षा मंत्री ने चिंता जाहिर की है। उन्होंने किसी साजिश से इनकार नहीं किया है।

चीनी नौसेना का पूर्व कैप्टन स्पीडबोट लेकर ताइवान में घुसा (सांकेतिक तस्वीर)- India TV Hindi
चीनी नौसेना का पूर्व कैप्टन स्पीडबोट लेकर ताइवान में घुसा (सांकेतिक तस्वीर) Image Source : AP

बीजिंग/ताइपे: चीन और ताइवान के बीच तनाव चरम पर है। ऐसे में चीनी नौसेना के एक पूर्व कैप्टन ने ताइवान की नौसेना को उस समय चौंका दिया जब वह अपनी स्पीडबोट के साथ राजधानी ताइपे के बाहर एक घाट तक पहुंच गया। चीन के साथ बढ़ते तनाव के बीच ताइवान में सुरक्षा उपाय बढ़ाए गए है। बावजूद इसके एक चीनी शख्स की इस तरह हुई घुसपैठ की ताइवान के शीर्ष राजनेताओं ने कड़ी आलोचना की है। चीन ताइवान को विद्रोही प्रांत मानता है। चीन का कहना है कि ताइवान को मुख्य भूमि के साथ फिर से एकीकृत किया जाना चाहिए, भले ही इसके लिए बल का इस्तेमाल क्यों ना करना पड़े।

पूर्व कैप्टन क्या बताया

चीनी नौसेना के पूर्व कैप्टन की पहचान रुआन (60) के रूप में हुई है। रुआन को न्यू ताइपे में तमसुई के तट से 11 किलोमीटर दूर देखा गया। हांगकांग स्थित ‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ ने मंगलवार को बताया कि तटरक्षक बल के अनुसार, ताइपे शहर की ओर जाने वाली तमसुई नदी में प्रवेश करने के बाद नाव घाट पर एक अन्य नौका से टकरा गई। रुआन ने खुद को चीनी नौसेना का पूर्व कैप्टन बताया और कहा कि वह एक दिन पहले ही चीन के तटीय शहर फूजौ के निंगडे बंदरगाह से रवाना हुआ था। हालांकि, ताइवान के तटरक्षक ने कहा कि नाव पर कोई खाद्य या पेय पदार्थ नहीं मिला। 

ताइवान ने बढ़ाई सुरक्षा 

ताइवान तटरक्षक बल के अनुसार, रुआन ने कहा कि उसे “अनुचित बयान देने” के कारण चीनी अधिकारियों की तरफ से सताया गया था और वह ताइवान भाग जाना चाहता था। रुआन पर आव्रजन अधिनियम सहित विभिन्न ताइवानी कानूनों के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है। ताइवान के रक्षा मंत्री वेलिंगटन कू ने कहा कि इस बात की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता कि चीनी स्पीडबोट की घुसपैठ बीजिंग की एक रणनीति हो। ‘ताइवान न्यूज’ की खबर के अनुसार, इसके बाद रक्षा मंत्रालय चीन की ओर से जहाजों की घुसपैठ को रोकने के रक्षा उपायों को और मजबूत करेगा। 

यह भी पढ़ें:

Russia Ukraine War: रूस की सेना में कर रहे थे काम, यूक्रेन के साथ जंग में 2 भारतीयों की हुई मौत

इमरान खान ने अपने ही देश की खोल दी पोल, जानिए किस बात का कर दिया खुलासा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश