1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान के सिंध प्रांत में हिंदू मंत्री पर हमला, PM शहबाज शरीफ ने दिया ये बयान

पाकिस्तान के सिंध प्रांत में हिंदू मंत्री पर हमला, PM शहबाज शरीफ ने दिया ये बयान

 Published : Apr 20, 2025 04:28 pm IST,  Updated : Apr 20, 2025 04:28 pm IST

पाकिस्तान में एक हिंदू मंत्री को हमले का शिकार बनाया गया है। कुछ प्रदर्शनकारियों ने मंत्री की कार पर अचानक आलू और टमाटर से हमला कर दिया।

प्रतीकात्मक फोटो। - India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो। Image Source : AP

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के सिंध प्रांत में एक हिंदू मंत्री पर हमला किया गया है। जानकारी के अनुसार यह हमला नयी नहरों की योजना के खिलाफ रैली निकालने वाले प्रदर्शनकारियों ने एक हिंदू राज्य मंत्री पर किया है। हमला उस वक्त हुआ, जब पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के सांसद और धार्मिक मामलों के राज्य मंत्री खील दास कोहिस्तानी शनिवार को थट्टा जिले से गुजर रहे थे। अचानक प्रदर्शनकारियों ने उनके काफिले पर टमाटर और आलू फेंकना शुरू कर दिया और संघीय सरकार के खिलाफ नारे लगाए।

पाकिस्तान के अधिकारियों ने बताया कि हमले में कोहिस्तानी को कोई नुकसान नहीं हुआ है। रेडियो पाकिस्तान ने खबर दी कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कोहिस्तानी को फोन किया और घटना की गहन जांच का आश्वासन दिया। प्रधानमंत्री ने कहा, "जन प्रतिनिधियों पर हमला अस्वीकार्य है। घटना में शामिल लोगों को कड़ी सजा दी जाएगी।" सूचना मंत्री अता तरार ने सिंध के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) गुलाम नबी मेमन से घटना का ब्यौरा तथा संघीय गृह सचिव से रिपोर्ट मांगी है।

सिंध के मुख्यमंत्री ने भी की निंदा

सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह ने भी इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने हैदराबाद क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक को हमले में शामिल व्यक्तियों को तुरंत गिरफ्तार करके रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। नेशनल असेंबली की वेबसाइट पर मौजूद निजी जानकारी के अनुसार, कोहिस्तानी सिंध के जमशोरो जिले से संबंध रखते हैं और 2018 में पीएमएल-एन से पहली बार संसद के सदस्य चुने गए थे। पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद वह 2024 में फिर निर्वाचित हुए और उन्हें राज्य मंत्री बनाया गया।  (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश