1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. अफगानिस्तान में भीषण कार बम विस्फोट, डिप्टी गवर्नर समेत दो के उड़े परखच्चे

अफगानिस्तान में भीषण कार बम विस्फोट, डिप्टी गवर्नर समेत दो के उड़े परखच्चे

 Published : Jun 06, 2023 03:51 pm IST,  Updated : Jun 06, 2023 03:51 pm IST

भीषण कार बम धमाके में अफगानिस्तान में एक प्रांत के डिप्टी गवर्नर और उनके ड्राइवर की मौत हो गई है। धमाका इतना जोरदार था कि कार और दोनों लोगों के शव क्षत-विक्षत हो गए।

अफगानिस्तान कार बम ब्लास्ट (फाइल)- India TV Hindi
अफगानिस्तान कार बम ब्लास्ट (फाइल) Image Source : FILE

तालिबान शासित अफगानिस्तान भीषण कार बम विस्फोट से दहल गया है। विस्फोट इतना तेज था कि कार समेत डिप्टी गवर्नर और उनके ड्राइवर के परखच्चे उड़ गए। कार के पुर्जे और उसमें सवार इन दोनों के चीथड़े दूर-दूर जाकर गिरे। आसपास लोगों में दहशत फैल गई। यह विस्फोट अफगानिस्तान के पूर्वोत्तर इलाके में मंगलवार को हुआ। इस कार बम धमाके में एक प्रांतीय उप गवर्नर और उनके वाहन चालक की मौत हो गई। साथ ही करीब 10 लोग घायल हो गए। एक स्थानीय अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि बदख्शां प्रांत के फैजाबाद शहर में हुए बम विस्फोट में दस अन्य लोग भी घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी भी संगठन ने विस्फोट की जिम्मेदारी नहीं ली है। बदख्शां के सांस्कृतिक निदेशक मोअजुद्दीन अहमदी के मुताबिक, उप गवर्नर मौलवी निसार अहमद अहमदी, कार में हुए विस्फोट में घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। गौरतलब है कि पिछले साल दिसंबर महीने में भी इसी तरह एक कार में बम विस्फोट हुआ था, जिसमें बदख्शां के पुलिस प्रमुख की मौत हो गयी थी।

उस वक्त इस्लामिक स्टेट (आईएस) समूह के क्षेत्रीय सहयोगी के रूप में पहचाने जाने वाले 'इस्लामिक स्टेट इन खुरसान प्रोविंस' ने विस्फोट की जिम्मेदारी ली थी। पिछले साल हुए विस्फोट की जिम्मेदारी लेते हुए आईएस के क्षेत्रीय सहयोगी ने कहा था कि उसने विस्फोटक से लदी एक कार को सड़क पर खड़ी कर दी थी और जैसे ही पुलिस के प्रमुख कार के नजदीक पहुंचे, उसने उसमें विस्फोट कर दिया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश