1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. हॉट माइक ने पुतिन और जिनपिंग की बातचीत को पकड़ा, जानें बीजिंग परेड में किस मुद्दे पर कर रहे थे चर्चा?

हॉट माइक ने पुतिन और जिनपिंग की बातचीत को पकड़ा, जानें बीजिंग परेड में किस मुद्दे पर कर रहे थे चर्चा?

 Published : Sep 03, 2025 09:42 pm IST,  Updated : Sep 03, 2025 09:42 pm IST

इन नेताओं के बीच यह बातचीत उस समय हुई जब रूसी राष्ट्रपित पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, उत्तर कोरिया के किम जोंग उन के साथ, सैन्य परेड देखने के लिए बीजिंग के तियानमेन चौक की ओर जा रहे थे।

Putin, xi jinping, kin jong- India TV Hindi
पुतिन, शी जिनपिंग और किम जोंग उन Image Source : AP

बीजिंग: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग बुधवार को जब कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे थे, तो एक हॉट माइक ने उन्हें अंग प्रत्यारोपण और इस संभावना पर चर्चा करते हुए कैद कर लिया कि मनुष्य 150 साल तक जीवित रह सकते हैं। यह बातचीत उस समय हुई जब पुतिन और शी, उत्तर कोरिया के किम जोंग उन के साथ, एक सैन्य परेड देखने के लिए बीजिंग के तियानमेन चौक की ओर जा रहे थे। बीजिंग में द्वितीय विश्व युद्ध की समाप्ति की 80वीं वर्षगांठ पर इस सैन्य परेड का आयोजन हुआ। इन नेताओं की बाचचीत के इस पल को सरकारी प्रसारक सीसीटीवी द्वारा चीन के सरकारी प्रसारक सीजीटीएन, एपी सहित अन्य मीडिया पर लाइवस्ट्रीम दिखाया गया।

'अमरता' पर बातचीत

इस वीडियो में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के ट्रांसलेटर को चीनी भाषा में यह कहते सुना जा सकता है, "जैव प्रौद्योगिकी निरंतर विकसित हो रही है... मानव अंगों का निरंतर प्रत्यारोपण किया जा सकता है। आप जितने लंबे समय तक जीवित रहेंगे, उतने ही युवा बनेंगे और यहां तक कि अमरता भी प्राप्त कर सकते हैं।"

'मनुष्य 150 वर्ष तक जीवित रह सकता है"

कैमरे के सामने न होते हुए शी जिनपिंग ने जवाब दिया, "कुछ लोगों का अनुमान है कि इस सदी में मनुष्य 150 वर्ष तक जीवित रह सकता है।" वहीं उनके पीछे-पीछे चल रहे किम जोंग उन ने उनकी तरफ़ मुस्कुराकर कहा, हालांकि यह स्पष्ट नहीं था कि ये बातें उनके लिए अनुवादित की जा रही थीं या नहीं। सीसीटीवी क्लिप में व्लादिमीर पुतिन की आवाज़ रूसी भाषा में साफ़ सुनाई नहीं दे रही थी।

चीन ने परेड में नए हथियारों का किया प्रदर्शन

बता दें कि चीन ने इस सैन्य परेड में शक्ति प्रदर्शन करते हुए पहली बार कई नए हथियारों का प्रदर्शन किया, जिसमें लेजर हथियार, परमाणु बैलिस्टिक मिसाइल, पानी के नीचे संचालित होने वाले विशाल ड्रोन के अलावा पांचवीं पीढ़ी के विमान शामिल थे। पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) की परेड में प्रदर्शित एक बहुचर्चित नया हथियार था एलवाई-1 लेज़र हथियार। आठ पहियों वाले एचजेड-155 बख्तरबंद ट्रक पर लगा यह लेज़र हथियार दुश्मन के हथियारों और उपकरणों के ऑप्टिकल सेंसर को प्रभावी ढंग से नष्ट कर सकता है। चीनी रक्षा विश्लेषकों का कहना है कि यह हथियार समुद्र में चीन की ताकत में और इजाफा करेगा। लेज़र को नए साजो सामान के रूप में देखा जा रहा है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश