1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इमरान खान से लिया जा रहा है पूरा बदला? जानें, जेल में कैसी है पाकिस्तान के पूर्व पीएम की हालत

इमरान खान से लिया जा रहा है पूरा बदला? जानें, जेल में कैसी है पाकिस्तान के पूर्व पीएम की हालत

 Published : Aug 08, 2023 07:19 pm IST,  Updated : Aug 08, 2023 07:19 pm IST

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को कड़ी सुरक्षा वाली अटक जेल में रखा गया है और कहा जा रहा है कि उनकी कोठरी में खटमल एवं मक्खियों की भरमार है।

पाकिस्तान के पूर्व...- India TV Hindi
पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान। Image Source : AP

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को भ्रष्टाचार के मामले में दोषी ठहराए जाने और गिरफ्तार करने के बाद काफी कड़ी सुरक्षा वाली अटक जेल में रखा गया है। बताया जा रहा है कि इमरान खान को जिस कोठरी में रखा गया है, उसमें मक्खियों एवं खटमलों की भरमार है और उसका टॉयलेट भी खुले में बनाया गया है। 70 साल के इमरान खान के अटॉर्नी जनरल नईम हैदर पंजोठा ने कहा कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) अध्यक्ष को पंजाब प्रांत में स्थित जेल में C-कैटिगरी की सुविधाएं दी गयी हैं।

‘मैं अपनी पूरी जिंदगी जेल में बिताने को तैयार’

पंजोठा ने बताया कि देश की विश्व कप विजेता क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान को जेल की जिस कोठरी में रखा गया है वहां मक्खियां तथा खटमल भरे पड़े हैं। उन्होंने सोमवार को इमरान से जेल में मुलाकात करने के बाद कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री छोटे-से कमरे में बंद हैं ‘जिसमें खुले में टॉयलेट बना हुआ है। उन्होंने कहा है कि फिर भी वह अपनी पूरी जिंदगी जेल में बिताने के लिए तैयार हैं।’ पंजोठा ने कहा कि इमरान ने उन्हें बताया है कि पुलिस ने उन्हें गिरफ्तारी वॉरंट नहीं दिखाया और पुलिस ने लाहौर में उनके घर में उनकी पत्नी के कमरे का दरवाजा तोड़ने की कोशिश भी की थी।

Imran Khan, Imran Khan Pakistan, Imran Khan News
Image Source : APइमरान खान के अटॉर्नी जनरल नईम हैदर पंजोठा।

‘वहां दिन में मक्खियां, रात में चींटियां आती हैं’
पंजोठा ने पूर्व प्रधानमंत्री की दोषसिद्धि के खिलाफ अपील दायर करने के लिए कानूनी दस्तावेज पर उनके दस्तखत कराने के लिए जेल के एक अधिकारी की मौजूदगी में इमरान से करीब एक घंटे 45 मिनट तक मुलाकात की। वकील ने मीडिया से कहा कि इमरान ने बताया है कि उन्हें एक अंधेरे कमरे में रखा गया है जहां खुले में टॉयलेट बना है और वहां दिन में मक्खियां मंडराती रहती हैं और रात में चीटियां आती हैं। पंजोठा ने खान के हवाले से कहा, ‘मुझे अंधेरे कमरे में रखा गया है जिसमें कोई टेलीविजन या अखबार नहीं है। किसी को मुझसे मिलने नहीं दिया जाता है, जैसे कि मैं कोई आतंकवादी हूं।’

Imran Khan, Imran Khan Pakistan, Imran Khan News
Image Source : APइमरान खान को कड़ी सुरक्षा वाली अटक जेल में रखा गया है।

लाहौर में अपने घर से गिरफ्तार हुए थे इमरान
बता दें कि इमरान खान को तोशाखाना भ्रष्टाचार मामले में इस्लामाबाद की एक निचली अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने के तुरंत बाद शनिवार को लाहौर में उनके घर से गिरफ्तार किया गया था। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री को 3 साल की जेल की सजा सुनायी गयी है। उन्हें अदालत द्वारा रावलपिंडी की अदियाला जेल में भेजे जाने का निर्देश दिए जाने के बावजूद पंजाब प्रांत की अटक जेल में रखा गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश