1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. हिंदुओं की हत्या और अत्याचार पर भारत का सख्त संदेश, "बांग्लादेश पल्ला नहीं झाड़ सकता, दोषियों को कठघरे में लाए"

हिंदुओं की हत्या और अत्याचार पर भारत का सख्त संदेश, "बांग्लादेश पल्ला नहीं झाड़ सकता, दोषियों को कठघरे में लाए"

 Published : Dec 26, 2025 05:20 pm IST,  Updated : Dec 27, 2025 06:23 am IST

बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या और उन पर हो रहे अत्याचारों पर भारत ने बेहद सख्त रुख अख्तियार किया है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने यूनुस सरकार से दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा है।

रणधीर जायसवाल, भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता- India TV Hindi
रणधीर जायसवाल, भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता Image Source : X@MEA_INDIA

ढाकाः बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या और उन पर हो रहे अत्याचारों पर भारत ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को एक प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि बांग्लादेश की सरकार कार्रवाई से पल्ला नहीं झाड़ सकती। हिंदू युवकों की हत्या और कई हिंदू परिवारों के घरों को जलाए जाने के मामले में उसे कदम उठाना होगा। एमईए के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि दोषियों को बांग्लादेश की अंतरिम सरकार न्याय के कठघरे में लाए। 

यूनुस सरकार में अल्पसंख्यकों के साथ हुईं 2900 घटनाएं

भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस सरकार में अब तक अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा, आगजनी और अन्य प्रताड़नों से जुड़ी 2900 घटनाएं हुई हैं। भारत के खिलाफ बांग्लादेश में जिन गलत धारणाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है, हमने उनको बार-बार खारिज किया है। वहां हो रही हिंसा और बिगड़ती कानून व्यवस्था के लिए बांग्लादेश की मौजूदा सरकार जिम्मेदार है। अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर हम सतर्क हैं। हम इसे करीबी से मॉनीटर कर रहे हैं। बांग्लादेश में हिंदू, ईसाई बौद्ध और सिखों की सुरक्षा चिंताजनक है। उनके साथ लगातार हिंसा हो रही है।

घटनाओं को नहीं कर सकते नजरंदाज

विदेश मंत्रालय ने कहा कि जो घटनाएं अल्पसंख्यकों के साथ और हिंदुओं के साथ हो रही हैं, उसे दूसरा रूप दे दिए जाने से नजरंदाज नहीं किया जा सकता। रणधीर जायसवाल ने कहा कि हाल में एक हिंदू युवक की हत्या हुई, उसकी हम निंदा करते हैं। साथ ही हम उम्मीद करते हैं कि अपराधियों को जल्द कठघरे में लाया जाए। उग्रवादियों द्वारा अल्पसंख्यकों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। यह गहरी चिंता का विषय है। अल्पसंख्यकों के साथ जो जुल्म और हिंसा की घटनाएं बांग्लादेश में हो रही हैं, उनको नजरंदाज नहीं किया जा सकता। 

H1B वीजा इंटरव्यू रद्द होने पर चिंता जताई

इस दौरान भारत ने शुक्रवार को कहा कि उसने बड़ी संख्या में भारतीय आवेदकों के पहले से निर्धारित H1B वीजा इंटरव्यू रद्द होने को लेकर अमेरिका के सामने अपनी चिंताएं उठाई हैं और दोनों पक्ष इस मुद्दे पर जुड़े हुए हैं। इस महीने के मध्य से भारत में निर्धारित हजारों H-1B वीजा आवेदकों के इंटरव्यू को उनके सोशल मीडिया पोस्ट और ऑनलाइन प्रोफाइल की जांच के लिए अचानक कई महीनों तक स्थगित कर दिया गया है। कुछ आवेदकों, जिनके वीजा अपॉइंटमेंट पिछले सप्ताह निर्धारित थे, को अमेरिकी इमिग्रेशन अधिकारियों से ई-मेल मिले जिसमें सूचित किया गया कि उनके इंटरव्यू को अगले साल मई तक के लिए टाल दिया गया है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने अपनी साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि भारत सरकार को कई भारतीय नागरिकों से शिकायतें मिली हैं जो अपने वीजा अपॉइंटमेंट के पुनर्निर्धारण में समस्याओं का सामना कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि वीजा संबंधी मुद्दे किसी भी देश के संप्रभु क्षेत्र से जुड़े होते हैं, लेकिन "हमने इन मुद्दों और अपनी चिंताओं को अमेरिकी पक्ष के सामने नई दिल्ली और वाशिंगटन डीसी दोनों जगह उठाया है।

यह भी पढ़ें

सऊदी अरब ने कर दिया यमन पर हमला, अलगाववादियों ने लगाया एयरस्ट्राइक का आरोप; जानें क्यों भड़की नई जंग

पाकिस्तान के मदरसे पर हुआ ड्रोन हमला, कक्षाओं में मौजूद 9 बच्चे घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश