इस्लामाबाद: ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरगची ने शनिवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की। इस बैठक में पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार और सेना प्रमुख आसिम मुनीर भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय हालात पर चर्चा की गई। इससे पहले अरगची ने अलग-अलग बैठकों में आसिम मुनीर और इशाक डार से भी बातचीत की थी। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, इन बैठकों में अमेरिका के साथ शांति वार्ता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
अमेरिका-ईरान में अभी सीधी बातचीत नहीं
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगई ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि इस दौरे के दौरान ईरान और अमेरिका के बीच कोई सीधी बैठक तय नहीं है। उन्होंने कहा कि ईरान अपने विचार पाकिस्तान के साथ साझा करेगा। अरगची शुक्रवार देर रात इस्लामाबाद पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि उनका यह दौरा इस्लामाबाद, मस्कट और मॉस्को का है और इसका उद्देश्य अपने साझेदार देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय हालात पर करीबी समन्वय करना है। उन्होंने यह भी कहा, 'हमारे पड़ोसी हमारी प्राथमिकता हैं।'
सेना प्रमुख से भी हुई अहम मुलाकात
ईरानी विदेश मंत्री ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर से भी मुलाकात की। इस बैठक में ईरान के उपविदेश मंत्री कासिम गरीबाबादी, प्रवक्ता बगई और राजदूत रजा अमीरी मोगदम भी मौजूद थे। पाकिस्तानी पक्ष से गृह मंत्री मोहसिन नकवी और अन्य अधिकारी शामिल हुए। हालांकि इस बैठक की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई, लेकिन बताया गया कि इसमें अमेरिका के साथ बातचीत से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
पाकिस्तान की मध्यस्थता की कोशिश
एक अधिकारी के मुताबिक, अरगची ने पाकिस्तान को ईरान की कुछ चिंताएं बताई हैं, जिन्हें पाकिस्तान अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के सामने रखेगा। अगर अमेरिका इन चिंताओं पर सहमति देता है, तो इस्लामाबाद में दोनों देशों के बीच दूसरे दौर की बातचीत हो सकती है। हालांकि यह भी बताया गया कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल अमेरिकी टीम के आने का इंतजार किए बिना ही वापस लौट सकता है, जिससे इस हफ्ते सीधी बातचीत की संभावना कम नजर आ रही है।
अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का इंतजार
अमेरिका की ओर से व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि मध्य पूर्व के लिए विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सलाहकार जार्ड कुशनर पाकिस्तान पहुंचकर सीधे बातचीत करेंगे। हालांकि, खबर लिखे जाने तक अमेरिकी टीम इस्लामाबाद नहीं पहुंची थी। पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने मिस्र के विदेश मंत्री बद्र अब्देलात्ती से भी बातचीत की। दोनों नेताओं ने अमेरिका और ईरान के बीच नई वार्ता शुरू कराने के प्रयासों पर चर्चा की और क्षेत्रीय शांति के लिए संवाद को जरूरी बताया।
बेनतीजा थी पहले दौर की बातचीत
11 और 12 अप्रैल को अमेरिका और ईरान के बीच हुई पहली दौर की बातचीत में कोई ठोस नतीजा नहीं निकला था। इसके बाद पाकिस्तान ने दोनों देशों के बीच तनाव कम करने और बातचीत फिर से शुरू कराने की कोशिशें तेज कर दी हैं। ईरान से जुड़ा मौजूदा संघर्ष 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल के हमलों के बाद शुरू हुआ था। इसी बीच डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में ईरान के साथ दो हफ्ते के युद्धविराम को अनिश्चित समय के लिए बढ़ा दिया, ताकि बातचीत का रास्ता खुला रह सके।