Iran Attack Abu Dhabi: ईरान की ओर से खाड़ी देशों पर लगातार मिसाइल और ड्रोन हमले किए जा रहे हैं। ईरान की ओर से एक ऐसा ही हमला शुक्रवार को अबू धाबी के अजबान इलाके में किया गया था। ईरान की मिसाइल को संयुक्त अरब अमीरात के एयर डिफेंस सिस्टम ने इंटरसेप्ट किया। मिसाइल को रोके जाने के दौरान उसके टुकड़ों से 5 भारतीय घायल हो गए है।
12 लोग हुए घायल
सरकारी मीडिया कार्यालय के अनुसार, अबू धाबी के अजबान इलाके में हवाई सुरक्षा प्रणालियों की ओर से मिसाइलों को रोके जाने के बाद गिरे मलबे की चपेट में आने से कम से कम 12 लोग घायल हो गए हैं। बयान में कहा गया है कि घायलों में से 7 लोग नेपाल के भी नागरिक हैं। इसमें यह भी बताया गया है कि नेपाली नागरिकता वाले एक व्यक्ति को गंभीर चोट आई है।
कितने भारतीय नागरिकों की हुई मौत?
पश्चिम एशिया में 28 फरवरी को संघर्ष शुरू होने के बाद से इस क्षेत्र में 8 भारतीय नागरिक मारे गए हैं और कई अन्य घायल हुए हैं। पिछले सप्ताह, अबू धाबी में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की हवाई रक्षा प्रणाली द्वारा रोकी गई मिसाइलों के मलबे की चपेट में आने से 2 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें एक भारतीय भी शामिल था। रियाद में 18 मार्च को हुए ईरानी हमले में एक और भारतीय नागरिक मारा गया था। ओमान के सोहार शहर में 13 मार्च को हुए ड्रोन हमले में 2 भारतीय नागरिक मारे गये थे और 10 घायल हुए थे।
कुवैत में भी ईरान ने दागी मिसाइलें
इससे पहले संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारियों ने शुक्रवार को ही हबशान गैस संयंत्रों को बंद कर दिया था। यह कदम एक मिसाइल को रोके जाने की खबर के बाद उठाया गया, जिसके मलबे के गिरने से वहां आग लग गई थी। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इतना ही नहीं ईरान की मिसाइलों ने शुक्रवार को कुवैत में एक रिफाइनरी में आग लगा दी और एक डीसैलिनेशन प्लांट को नुकसान पहुंचाया। इजरायल और बहरीन में भी ईरान ने हमले किए हैं। ईरान में एक्टिविस्ट्स ने तेहरान और इस्फहान के सेंट्रल शहर के आसपास हमलों के बारे में जानकारी दी है।
यह भी पढें: