रियाद: ईरान ने सऊदी अरब के प्रिंस सुत्लान एयरबेस पर जबरदस्त हमला बोला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों और ड्रोन के हमले में 10 अमेरिकी सैनिक घायल हो गए हैं। घायल सैनिकों में से दो की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जबकि 8 अन्य सैनिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के एक प्रवक्ता ने बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच जारी जंग में अब तक 300 से ज्यादा अमेरिकी सैनिक घायल हो चुके हैं। हालांकि, इनमें से अधिकांश सैनिक इलाज के बाद फिर से ड्यूटी पर लौट आए हैं। वहीं, इस संघर्ष के दौरान अब तक 13 अमेरिकी सैनिकों की मौत भी हो चुकी है।
Related Stories
ईरान के हमले में कई लड़ाकू विमान हुए तबाह
सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयर बेस को टारगेट कर ईरान ने जो मिसाइल हमला किया है उसकी सैटेलाइट इमेज भी सामने आई है। इस इमेज में बेस पर मिसाइल अटैक से काफी नुकसान होता दिख रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले में अमेरिका का कम से कम एक KC-135 refueling aircraft तबाह हो गया, जबकि कई दूसरे फाइटर जेट डैमेज हुए हैं। बता दें कि सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयर बेस पर अमेरिका के काफी हथियार और फाइटर जेट रखे गए हैं। हालांकि ईरान ने जवाबी हमला करने से पहले कतर, बहरीन, सऊदी अरब, UAE, कुवैत और इजरायल को अपने इंफ्रास्ट्रक्चर के आसपास रहने वाले लोगों को इलाका खाली करने की चेतावनी जारी कर दी थी।
'ईरान की नेवी और एयरफोर्स को खत्म कर देंगे'
इस बीच, अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि अमेरिका बिना जमीनी सेना उतारे भी अपने सैन्य लक्ष्य हासिल कर सकता है। उन्होंने यह बयान G-7 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में दिया। रुबियो ने कहा, 'हम ईरान की नेवी और एयरफोर्स को पूरी तरह खत्म कर देंगे। साथ ही उनके मिसाइल लॉन्च सिस्टम को भी काफी हद तक नष्ट कर देंगे, ताकि वे इनका इस्तेमाल कर परमाणु हथियार हासिल न कर सकें।' उन्होंने यह भी दावा किया कि अमेरिका अपने ज्यादातर सैन्य लक्ष्यों को तय समय से पहले हासिल कर रहा है और इसके लिए जमीनी सैनिकों की जरूरत नहीं पड़ेगी।
अतिरिक्त सैनिक भेजने पर विचार कर रहा अमेरिका?
हालांकि, दूसरी ओर खबरें यह भी हैं कि अमेरिका पश्चिम एशिया में अतिरिक्त सैनिक भेजने पर विचार कर रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी सेना की 82वीं एयरबोर्न डिवीजन के 1000 से ज्यादा सैनिक जल्द ही तैनात किए जा सकते हैं। इसके अलावा, कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि अमेरिका 10000 अतिरिक्त जमीनी सैनिक भेजने की योजना पर विचार कर रहा है, जिनमें पैदल सेना और बख्तरबंद वाहन शामिल हो सकते हैं। हालांकि रुबियो ने संकेत दिया कि यह संघर्ष लंबा नहीं चलेगा और आने वाले कुछ हफ्तों में खत्म हो सकता है।