1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. "अमेरिका की मांगें अनुचित और अतार्किक", इस्लामाबाद वार्ता फेल होने पर बोला ईरान

"अमेरिका की मांगें अनुचित और अतार्किक", इस्लामाबाद वार्ता फेल होने पर बोला ईरान

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : Apr 12, 2026 10:08 am IST,  Updated : Apr 12, 2026 10:12 am IST

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच 21 घंटे तक चली अहम वार्ता बिना किसी समझौते के खत्म हो गई। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज, परमाणु अधिकार और प्रतिबंधों में राहत जैसे मुद्दों पर गहरे मतभेद सामने आए।

Iran- India TV Hindi
ईरान Image Source : AP

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच चली लंबी वार्ता आखिरकार बेनतीजा खत्म हो गई। करीब 21 घंटे तक लगातार चली इस बातचीत में दोनों देश किसी भी समझौते पर नहीं पहुंच सके। ईरान की सरकारी मीडिया का कहना है कि इस्लामाबाद की बातचीत बेनतीजा इसलिए रह गई कि अमेरिका की ओर से अनुचित मांगे रखीं गई। ईरान ने अमेरिका की मांगों को अत्यधिक और आतार्किक बताया।  प्रेस टीवी और IRIB के मुताबिक, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज , परमाणु अधिकार, प्रतिबंधों में राहत और युद्ध से जुड़े मुद्दे इस वार्ता के सबसे बड़े विवाद रहे।

अमेरिका की जिद के चलते बेनतीजा रही वार्ता!

ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर IRIB ने कहा कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए चौबीसों घंटे गहन बातचीत की, लेकिन तेहरान की कई पहलों के बावजूद, वाशिंगटन की मांगों ने किसी भी प्रगति को रोक दिया, और अंततः बातचीत खत्म हो गई। IRIB ने टेलीग्राम पर कहा, "ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने ईरानी लोगों के राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए 21 घंटे तक लगातार और गहन बातचीत की; ईरानी प्रतिनिधिमंडल की विभिन्न पहलों के बावजूद, अमेरिकी पक्ष की अतार्किक मांगों ने बातचीत की प्रगति को रोक दिया। इस प्रकार बातचीत समाप्त हो गई।"

जो युद्ध से हासिल नहीं कर पाए वो वार्ता से हासिल करना चाहते थे

एक सूत्र ने फ़ार्स समाचार एजेंसी को बताया कि अमेरिकी टीम बातचीत में वह हासिल करना चाहती थी जो वे युद्ध से हासिल नहीं कर सके। लेकिन तेहरान ने उन शर्तों को महत्वकांक्षी बताते हुए उन्हें खारिज कर दिया । इस बीच, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाक़ाई ने भी सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में पुष्टि की कि दोनों पक्ष किसी समझौते पर पहुंचने में नाकाम रहे और 'दोनों पक्षों के बीच कई संदेशों और टेक्स्ट का आदान-प्रदान हुआ है'। उन्होंने लिखा, "पिछले 24 घंटों में, बातचीत के मुख्य विषयों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई, जिसमें स्ट्रेट ऑफ होर्मजु, परमाणु मुद्दा, युद्ध की क्षतिपूर्ति, प्रतिबंध हटाना, और ईरान तथा इस क्षेत्र के खिलाफ युद्ध की पूर्ण समाप्ति शामिल है।"

इस बीच, अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि उनकी टीम बिना किसी समझौते के वापस लौट रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ मुद्दों पर प्रगति हुई, लेकिन अंतिम सहमति नहीं बन पाई। जेडी वेंस अपनी टीम के साथ इस्लामाबाद से वापस अमेरिका रवाना हो गए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश