1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान में बैठक से ईरान ने किया इनकार, कहा- 'अमेरिका की शर्तें मंजूर नहीं हैं'

पाकिस्तान में बैठक से ईरान ने किया इनकार, कहा- 'अमेरिका की शर्तें मंजूर नहीं हैं'

 Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Apr 03, 2026 11:50 pm IST,  Updated : Apr 03, 2026 11:50 pm IST

ईरान ने पाकिस्तान में अमेरिका के साथ प्रस्तावित बैठक से इनकार कर दिया है। ईरान ने अमेरिकी शर्तों को अस्वीकार्य बताया, जिससे युद्धविराम वार्ता ठप हो गई। इससे क्षेत्रीय तनाव कम होने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।

Iran US talks collapse, Iran rejects US conditions, Pakistan mediation Iran US- India TV Hindi
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन और अमेरिका के प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप। Image Source : AP

इस्लामाबाद/तेहरान: ईरान और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच संघर्ष को खत्म करने की कोशिशों को बड़ा झटका लगा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, युद्धविराम के लिए चल रही बातचीत अब ठप पड़ गई है क्योंकि ईरान ने पाकिस्तान में अमेरिकी अधिकारियों से मिलने से साफ इनकार कर दिया है। अमेरिकी मीडिया की की रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्षेत्रीय देशों जिनमें पाकिस्तान भी शामिल है, की मध्यस्थता में चल रही बातचीत बेनतीजा रही है। ईरान ने मध्यस्थों को साफ कहा है कि वह आने वाले दिनों में इस्लामाबाद में अमेरिकी प्रतिनिधियों से मुलाकात नहीं करेगा।

फिलहाल समझौते की संभावना कम हुई

'वॉल स्ट्रीट जर्नल' की रिपोर्ट में कहा गया है कि ईरान ने अमेरिका की मांगों को 'अस्वीकार्य' बताया है। इससे यह साफ हो गया है कि दोनों देशों के बीच फिलहाल किसी समझौते की संभावना बेहद कम है। बता दें कि पाकिस्तान ने इस वार्ता को सफल बनाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की कोशिश की थी। उसने अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत कराने के लिए अपने यहां बैठक आयोजित करने की पेशकश की थी। पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने कहा था कि उनका देश इस तरह की बातचीत की मेजबानी करने के लिए 'सम्मानित महसूस करेगा।'

आगे और भी जटिल हो सकतें हैं हालात

हालांकि, ताजा हालात के बाद इस्लामाबाद में प्रस्तावित बैठक पर अब अनिश्चितता के बादल छा गए हैं। पाकिस्तान ने पिछले कुछ हफ्तों में दोनों देशों के साथ बैक-चैनल डिप्लोमेसी के जरिए संवाद बनाने की कोशिश की थी। वहीं, डोनाल्ड ट्रंप ने पहले दावा किया था कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत 'अच्छी चल रही है', लेकिन उन्होंने इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी थी। ईरान के इस रुख से साफ है कि दोनों देशों के बीच तनाव कम होने के आसार फिलहाल कमजोर पड़ गए हैं। ऐसे में क्षेत्रीय शांति की कोशिशों को बड़ा झटका लगा है और आने वाले समय में हालात और जटिल हो सकते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश