तेहरान/तेल अवीव: मध्य पूर्व एशिया में जारी जंग अपने 12वें दिन में प्रवेश कर चुकी है और लगातार इसका दायरा बड़ा होता जा रहा है। इस बीच ईरान ने इजरायल पर जवाबी हमले का एक वीडियो जारी किया है जिसमें एक के बाद एक कई मिसाइलें लॉन्च होती दिख रही हैं। मिसाइलों के लॉन्च होने के कुछ देर बाद जोरदार धमाके भी सुनाई दे रहे हैं। ईरान का कहना है कि यह हमला इजरायल के खिलाफ उसका सीधा जवाब है, लेकिन मिसाइलों का सटीक टारगेट अभी साफ नहीं हो सका है। बता दें कि जंग शुरू होने के बाद से ईरान ने इजरायल पर मिसाइल हमले जारी रखे हैं।
ईरान दावा कर रहा है कि उसने इजरायल के एक महत्वपूर्ण संचार और खुफिया केंद्र को पूरी तरह बर्बाद कर दिया। यह सैटेलाइट कम्यूनिकेशन सेंटर तेल अवीव के दक्षिण में हाइला इलाके में स्थित है। IRGC ने बताया कि ड्रोन से किए गए इस हमले में सेंटर का कंट्रोल रूम पूरी तरह नष्ट हो गया। दूसरी तरफ इजरायल भी लगातार हमले तेज कर रहा है। इजरायली सेना ईरान के साथ-साथ लेबनान में हिजबुल्ला के ठिकानों पर भी बमबारी कर रही है। इजरायल ने लेबनान की राजधानी बेरूत में हिजबुल्ला की आर्थिक शाखा अल-करद-अल-हसन को निशाना बनाया। यह ठिकाना बेरूत के दक्षिण हिस्से में है।
इजरायल का दावा है कि एयरस्ट्राइक के साथ-साथ जमीनी सैनिक भी हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमला कर रहे हैं। हिजबुल्लाह ने भी जवाब देते हुए कहा है कि उसने उत्तरी इजरायल में इजरायली सैनिकों को निशाना बनाकर रॉकेट दागे हैं। ईरान में भी हमले लगातार जारी हैं। इजरायल और अमेरिकी सेनाएं ईरान के तेल डिपो और बुनियादी ढांचे को लगातार निशाना बना रही हैं। ताजा हमले में इजरायल ने तेहरान में एक और ऑयल डिपो पर हमला किया। हमले के बाद डिपो से निकलता काला धुआं दूर से साफ दिख रहा है। इससे पहले भी ईरान के तेल डिपो पर हमला हुआ था, जिसकी वजह से कई दिनों तक आग लगी रही।
ईरान के बोनाब शहर में पुलिस हेडक्वॉर्टर पर भी जोरदार हमला हुआ है। यहां एक के बाद एक तीन हमले किए गए। वीडियो में दिख रहा है कि ब्लास्ट इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। जान-माल के नुकसान की अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है। इस बीच ईरान पर हमलों के बाद सैटेलाइट तस्वीरें भी सामने आई हैं। वहीं, ईरान के इस्फहान के खातामाई एयरबेस की कुछ तस्वीरें आई हैं। तस्वीरों में एयरबेस पर खड़े पुराने F-14 टॉमकैट फाइटर जेट्स साफ दिख रहे हैं। दुनिया में ईरान ही एकमात्र देश है जो आज भी इन जेट्स का इस्तेमाल कर रहा है।
बता दें कि 1970 के दशक में ईरान ने अमेरिका से करीब 75 F-14 जेट खरीदे थे। इस्लामिक क्रांति के बाद ये जेट IRGC के पास चले गए। अब अमेरिका और इजरायल इन्हीं जेट्स को निशाना बना रहे हैं। भारी जंग के बीच ईरान के न्यूक्लियर साइट की भी हैरान करने वाली तस्वीरें आई हैं। इस्फहान की न्यूक्लियर साइट पर तेजी से खुदाई चल रही है। कई जगहों पर सुरंगें खोदी जा रही हैं। पिछले साल इसी साइट पर हमला हो चुका था। नई तस्वीरों से पता चल रहा है कि ईरान इसे फिर सक्रिय कर रहा है। जानकारों का अनुमान है कि ये खुदाई साइट को और मजबूत बनाने के लिए की जा रही है, ताकि कोई एयरस्ट्राइक इसे नुकसान न पहुंचा सके।