तेहरानः इजरायल और अमेरिका के साथ चल रहे युद्ध के बीच ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेश्कियन ने ट्रंप को बेहद सख्त संदेश दिया है। पेजेश्कियन ने ट्रंप का नाम लिए बिना कहा कि "ईरान अपने देश की मिट्टी का एक इंच भी किसी को नहीं लेने देगा"। प्रेस टीवी के अनुसार एक साक्षात्कार में राष्ट्रपति पेजेश्कियान ने रविवार को कहा कि ईरान अपने क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए किसी भी कीमत पर तैयार है। उन्होंने कहा, "ईरान अपने देश की मिट्टी का एक इंच भी नहीं छोड़ेगा। हम अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करेंगे, चाहे कितनी भी चुनौतियां आएं।" उनका यह बयान अमेरिका और इज़रायल द्वारा चलाए जा रहे युद्ध के बीच आया है, जिसमें ईरान पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले हो रहे हैं और तेहरान की सैन्य क्षमताओं को निशाना बनाया जा रहा है।
पेजेश्कियान ने कहा कि ईरान आक्रामक नहीं है, बल्कि रक्षात्मक स्थिति में है। उन्होंने पड़ोसी देशों को आश्वासन दिया कि ईरान क्षेत्रीय शांति चाहता है, लेकिन यदि कोई देश अमेरिकी या इज़रायली हमलों के लिए अपनी धरती का इस्तेमाल करेगा, तो ईरान जवाबी कार्रवाई से नहीं हिचकेगा। यह बयान हाल के घटनाक्रमों के संदर्भ में महत्वपूर्ण है, जहां ईरान ने खाड़ी देशों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए थे, लेकिन पेजेश्कियान ने पहले माफी मांगी थी और हमले रोकने का वादा किया था। पेजेश्कियन ने कहा था कि जब तक कि उन देशों से हमला न हो,तब तक ईरान पड़ोसी देशों पर हमला नहीं करेगा।
प्रेस टीवी के अनुसार राष्ट्रपति ने ईरानी जनता की एकजुटता की सराहना की और कहा कि दुश्मन ईरान के आत्मसमर्पण के सपने को कब्र में ले जाएंगे। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कानून और मानवाधिकारों का हवाला देते हुए आक्रामकों की आलोचना की। यह बयान ईरान की "क्षेत्रीय अखंडता की मजबूत रक्षा" की नीति को दोहराता है। पेजेश्कियन से पहले ईरान के सेना प्रमुख और अन्य नेताओं ने भी यही बात कही थी।
संपादक की पसंद