1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. Israel Air Strike on Gaza: इजराइल ने गाजा पट्टी पर आसमान से बरसाया कहर, हमास के कमांडर समेत 10 लोगों की मौत

Israel Air Strike on Gaza: इजराइल ने गाजा पट्टी पर आसमान से बरसाया कहर, हमास के कमांडर समेत 10 लोगों की मौत

 Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Aug 06, 2022 07:43 am IST,  Updated : Aug 06, 2022 11:05 am IST

Israel Air Strike on Gaza: इजराइल और फलस्तीन के हमास के बीच 15 सालों में 4 युद्ध और कई छोटी झड़पें हुई हैं। हालिया समय में सबसे भीषण लड़ाई मई 2021 में हुई थी और इस साल की शुरुआत में भी इसकी आशंका बढ़ गई थी।

Israel Air Strike on Gaza- India TV Hindi
Israel Air Strike on Gaza Image Source : INDIA TV GFX

Highlights

  • इजराइल ने शुक्रवार को गाजा पर हवाई हमले किए
  • हमास के सीनियर कमांडर समेत 10 लोगों की मौत, कई घायल
  • फलस्तीनी विद्रोही की गिरफ्तारी के कारण बढ़ा था तनाव

Israel Air Strike on Gaza: इजराइल ने शुक्रवार को गाजा पर आसमान से कहर बरपाया है। इजराइल के इन हवाई हमलों में हमास के सीनियर कमांडर समेत 10 लोगों की मौत की खबर है और कई लोग घायल भी हुए हैं। फलस्तीन के अधिकारियों के हवाले से ये जानकारी मिली है। वहीं इजराइल (Israel) का कहना है कि कब्जे वाले पश्चिमी तट में इसी हफ्ते की शुरुआत में एक फलस्तीनी विद्रोही की गिरफ्तारी के कारण तनाव बढ़ा था, जिसके बाद इजराइल ने शुक्रवार को गाजा पर हमला किया। खबर ये भी है कि इस हमले में  फलस्तीनी इस्लामिक जिहाद समूह का सीनियर कमांडर तायसीर अल जबारी मारा गया है।

इजराइल (Israel) ने देश में भी ‘विशेष स्थिति’ की भी घोषणा की है, जिसकी वजह से बॉर्डर से 80 किलोमीटर के दायरे में सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं और लोगों के मूवमेंट को रोक दिया गया है। बता दें कि सोमवार को कब्जे वाले पश्चिमी तट में हमास के एक वरिष्ठ सदस्य की गिरफ्तारी के बाद हमले की आशंका में इजराइल (Israel) ने इस हफ्ते की शुरुआत में गाजा के आसपास की सड़कों को बंद कर दिया था और बॉर्डर पर अतिरिक्त जवानों को भेजा था। 

इजराइल और हमास के बीच अब तक इतनी झड़पें

इजराइल (Israel) और फलस्तीन के हमास के बीच 15 सालों में 4 युद्ध और कई छोटी झड़पें हुई हैं। हालिया समय में सबसे भीषण लड़ाई मई 2021 में हुई थी और इस साल की शुरुआत में भी इसकी आशंका बढ़ गई थी। हमास के प्रवक्ता फावजी बरहोम ने कहा, ‘‘गाजा के खिलाफ भड़कावे की कार्रवाई शुरू करने वाले इजराइली दुश्मनों ने नया अपराध किया है, जिसकी कीमत उन्हें चुकानी होगी।’’ 

हमास नेता ने क्या कहा

हमास के नेता जाइल अल नाखला ने ईरान से अल मायदीन टीवी नेटवर्क के माध्यम से कहा, ‘‘हम लड़ाई शुरू कर रहे हैं और फलस्तीनी प्रतिरोध को इजराइल की इस आक्रामकता के खिलाफ एकजुट खड़ा होना होगा।’’ वहीं इजराइल (Israel) के रक्षा मंत्री बेनी गैंट्ज ने शुक्रवार को गाजा के पास बस्तियों का दौरा करते हुए कहा कि अधिकारी ‘‘ऐसी कार्रवाई कर रहे हैं जो इस क्षेत्र से खतरे को दूर कर देंगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम इजराइल के दक्षिण में जीवन को बहाल करने के लिए लचीलेपन और बाहरी ताकत के साथ काम करेंगे।’’

गैंट्ज ने कहा, ‘‘हम संघर्ष नहीं चाहते, लेकिन जरूरी हुआ तो हम अपने नागरिकों की रक्षा करने में संकोच नहीं करेंगे।’’ इससे पहले, इजराइल के कुछ लोगों ने हमास के कब्जे वाले एक बंदी और दो इजरायली सैनिकों के शव की वापसी की मांग को लेकर शुक्रवार को गाजा पट्टी के पास विरोध प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व हैदर गोल्डिन के परिवार ने किया था। गोल्डिन और ओरोन शॉल 2014 के गाजा युद्ध में मारे गए थे। (इनपुट:एजेंसी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश