1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इजरायल ने यमन में किए भीषण हवाई हमले, हूतियों के ठिकानों और ईंधन स्टेशन को बनाया निशाना

इजरायल ने यमन में किए भीषण हवाई हमले, हूतियों के ठिकानों और ईंधन स्टेशन को बनाया निशाना

 Edited By: Amit Mishra
 Published : Sep 10, 2025 11:24 pm IST,  Updated : Sep 10, 2025 11:24 pm IST

इजरायल ने यमन हूती विद्रोहियों के ठिकानों पर भीषण बमबारी की है। इजरायल ने यह हमला ऐसे समय पर किया है जब वो पहले ही गाजा में कहर बरपा रहा है। इजरायली हमलों में हूतियों को भारी नुकसान हुआ है।

Israel Airstrikes Yemen - India TV Hindi
Israel Airstrikes Yemen Image Source : AP

दीर अल बलाह: इजरायल ने बुधवार को यमन की राजधानी सना समेत कई हिस्सों में हूती विद्रोहियों पर हवाई हमले किए। यमन के सरकारी अधिकारियों के अनुसार, हमलों में सैन्य ठिकानों और एक ईंधन स्टेशन को निशाना बनाया गया। इस बीच, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने इजरायल के खिलाफ आंशिक व्यापार निलंबन और प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव दिया है। 27 देशों वाला यूरोपीय संघ गाजा पट्टी में युद्ध को लेकर विभाजित है और यह स्पष्ट नहीं है कि प्रतिबंधों और व्यापार उपायों को बहुमत का समर्थन मिलेगा या नहीं।

कई लोगों की हुई मौत

हूती नियंत्रित चैनल ‘अल-मसीराह’ ने बताया कि एक हमले में सैन्य मुख्यालय को निशाना बनाया गया, जिससे कई लोगों की मौत हुई और कई घायल हुए। सैन्य मुख्यालय के पास स्थित मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। इजरायल पहले भी हूतियों की ओर से इजरायल पर दागी गई मिसाइलों और ड्रोन के जवाब में हवाई हमले कर चुका है।

फलस्तीनियों का समर्थन करते हैं हूती

ईरान समर्थित हूती विद्रोही कहते हैं कि वो हमास और गाजा पट्टी में फलस्तीनियों का समर्थन कर रहे हैं। गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में इजरायली गोलीबारी में मारे गए 41 अन्य लोगों के शव अस्पतालों में लाए गए हैं, जिनमें 12 वो लोग भी शामिल हैं जो मानवीय सहायता की तलाश में थे। मंत्रालय ने बताया कि 184 अन्य लोग घायल हुए हैं।

कौन हैं हूती?

हूती यमन के अल्पसंख्यक शिया 'जैदी' समुदाय का एक हथियारबंद समूह है। इस समुदाय ने 1990 के दशक में तत्कालीन राष्ट्रपति अली अब्दुल्लाह सालेह के कथित भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए इस समूह का गठन किया था। इसका नाम संस्थापक हुसैन अल हूती के नाम पर पड़ा है। हूती खुद को ईरान समर्थक बता चुके हैं (एपी)

यह भी पढ़ें:

भारत के साथ बिगड़े संबंधों पर अब इस अमेरिकी सिनेटर ने लगाई ट्रंप की क्लास, कही बड़ी बात

NASA को मंगल ग्रह पर मिली बड़ी कामयाबी, खोज निकाली सूखी हुई नदी; खुलेंगे जीवन के राज?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश