1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. इजराइल-हमास के बीच संघर्ष विराम को लेकर एक्टिव मोड पर अमेरिका, जानें आखिर चल क्या रहा है

इजराइल-हमास के बीच संघर्ष विराम को लेकर एक्टिव मोड पर अमेरिका, जानें आखिर चल क्या रहा है

 Published : Apr 30, 2024 07:23 am IST,  Updated : Apr 30, 2024 07:36 am IST

अमेरिका का प्रयास है कि इजराइल और हमास के बीच संघर्ष विराम समझौता हो जिससे गाजा में लोगों को मानवीय सहायता पहुंचाई जा सके। इसे लेकर अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन पश्चिम एशिया के दौरे पर हैं।

एंटनी ब्लिंकन - India TV Hindi
एंटनी ब्लिंकन Image Source : एंटनी ब्लिंकन X

रियाद: बीते साल हुए आतंकी हमले के बाद से इजराइल का हमास पर पलटवार जारी है। इजराइल हमास के ठिकानों पर लगातार बमबारी कर रहा है। इजराइल की ओर से की जा रही सैन्य कार्रवाई के चलते गाजा में मानवीय संकट पैदा हो गया है। इस बीच अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने पश्चिम एशिया की अपनी यात्रा शुरू करने के बाद कहा है कि युद्धग्रस्त गाजा पट्टी में मानवीय सहायता की आपूर्ति बढ़ाने के लिए इजराइल को और अधिक प्रयास करना चाहिए। करीब सात महीने पहले इजराइल-हमास युद्ध के शुरू होने के बाद से ब्लिंकन का इस क्षेत्र का यह सातवां राजनयिक दौरा है। 

एंटनी ब्लिंकन ने इस बात पर दिया जोर 

रियाद में खाड़ी सहयोग परिषद के विदेश मंत्रियों को संबोधित करते हुए ब्लिंकन ने कहा कि गाजा में मानवीय तबाही को कम करने का सबसे अच्छा तरीका एक संघर्ष विराम समझौता है, जिससे हमास द्वारा बंधक बनाए गए लोगों की रिहाई का भी रास्ता साफ होगा। हालांकि, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि स्थिति को बेहतर करना आवश्यक है। अमेरिका के विदेश मंत्री ने कहा, ‘‘गाजा में बच्चों, महिलाओं और पुरुषों की पीड़ा को कम करने, टिकाऊ समाधान के लिए सबसे प्रभावी तरीका संघर्ष विराम और बंधकों की रिहाई है।’’ ब्लिंकन अपनी इस यात्रा में इजराइल का दौरा भी करेंगे।

हमास आतंकियों ने किया था हमला 

हमास की ओर से बीते साल सात अक्टूबर को इजराइल पर किए गए घातक हमले के बाद से युद्ध जारी है। इसमें 34,000 से अधिक फलस्तीनी मारे जा चुके हैं, हजारों लोग विस्थापित हुए हैं और गाजा में मानवीय संकट गहरा रहा है। इस युद्ध के बाद दुनियाभर में प्रदर्शन हुए हैं और हिंसा की आंच अमेरिका में कॉलेजों के परिसरों तक पहुंच गई है। इजराइल के लिए अमेरिका के समर्थन की आलोचना भी हो रही है।  

यात्रा का मकसद 

यहां यह भी बता दें कि, एंटनी ब्लिंकन की यात्रा से पहले अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने रविवार को फोन पर इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बात की थी। ब्लिंकन की यात्रा पश्चिम एशिया में संघर्ष की स्थिति को लेकर नए सिरे से सामने आईं चिंताओं के बीच हो रही है। अमेरिकी विदेश मंत्री इस यात्रा के दौरान इजराइल-हमास संघर्ष विराम, गाजा के लिए मानवीय सहायता, गाजा के भविष्य और इजराइल-सऊदी अरब के रिश्तों को सामान्य करने पर बातचीत करेंगे। 

यह भी पढ़ें:

15 साल की नामकी ने झेली चीनियों की बर्बरता, बताई हैरान करने वाली बातें...रूह कंपा देगी दास्तां!

Pakistan: पंजाब में पुलिस ने किसानों पर किया हमला, जमकर भांजी लाठियां, कर लिया गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश