1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी के बारे में जानें जिसने पाकिस्तान में ट्रेन को किया हाईजैक

बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी के बारे में जानें जिसने पाकिस्तान में ट्रेन को किया हाईजैक

 Published : Mar 11, 2025 04:22 pm IST,  Updated : Mar 11, 2025 04:36 pm IST

बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी की स्थापना 2000 के दशक की शुरुआत में हुई थी। इसका उद्देश्य बलूच लोगों के अधिकारों की रक्षा करना और उन्हें स्वतंत्रता दिलाना है।

बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी- India TV Hindi
बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी Image Source : ANI FILE

Balochistan Liberation Army: बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सक्रिय एक सशस्त्र विद्रोही संगठन है। यह संगठन बलूच राष्ट्रवाद को बढ़ावा देता है और पाकिस्तान से बलूचिस्तान की स्वतंत्रता की मांग करता है। BLA की स्थापना 2000 के दशक की शुरुआत में हुई थी। इसका उद्देश्य बलूच लोगों के अधिकारों की रक्षा करना और उन्हें स्वतंत्रता दिलाना है। यह संगठन पाकिस्तान सरकार और सेना के खिलाफ सशस्त्र संघर्ष कर रहा है।

पाकिस्तान सरकार ने घोषित किया आतंकवादी संगठन

बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी को पाकिस्तान में कई आतंकवादी हमलों और सैन्य संघर्षों के लिए जाना जाता है। यह विशेष रूप से पाकिस्तान की सेना, सरकारी प्रतिष्ठानों और चीनी निवेश परियोजनाओं को निशाना बनाता है। पाकिस्तान सरकार ने BLA को एक आतंकवादी संगठन घोषित किया है। इसके अलावा, अमेरिका और ब्रिटेन सहित कई देशों ने भी इसे आतंकवादी संगठन माना है।

BLA ने हाईजैक कर ली ट्रेन

बता दें कि, पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में स्थित बोलान जिले में बलूच लिबरेशन आर्मी ने जाफर एक्सप्रेस ट्रेन पर हमला कर दिया है। इस हमले के दौरान बीएलए के लड़ाकों ने रेलवे ट्रैक को विस्फोट से उड़ा दिया, जिससे ट्रेन रुक गई। इसके बाद बीएलए के लड़ाकों ने पूरी ट्रेन को हाईजैक कर लिया और सैकड़ों यात्रियों को बंधक बना लिया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जाफर एक्सप्रेस में 9 डिब्बे हैं। ट्रेन में 500 से ज्यादा यात्री सवार हैं। ट्रेन मंगलवार सुबह 9 बजे क्वेटा से रवाना हुई थी।

BLA ने ली जिम्मेदारी

बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने इस पूरी घटना की जिम्मेदारी लेते हुए इसे एक ‘सोच-समझकर की गई रणनीतिक कार्रवाई’ बताया है। संगठन का कहना है कि यह हमला बलूच लोगों की आजादी की लड़ाई का हिस्सा है और वो अपने लक्ष्यों को लेकर पूरी तरह स्पष्ट हैं। बीएलए ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर पाकिस्तान की सेना कोई भी सैन्य कार्रवाई करती है, तो इसके गंभीर नतीजे भुगतने होंगे। संगठन ने यह भी कहा कि किसी भी सैन्य हमले की स्थिति में सभी बंधकों को मार दिया जाएगा, और इसकी जिम्मेदारी पाकिस्तान सरकार और सेना की होगी।

यह भी पढ़ें:

फिर हुई बेइज्जती, पाकिस्तानी राजदूत को अमेरिका में नहीं मिली एंट्री; जानें पूरा मामला

छुट्टियां बिताने डोमिनिकन गई भारतीय छात्रा कहां हो गई लापता, जानिए जांच में अब तक क्या-क्या पता चला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश