1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. गाजा पर इजरायल ने क्यों किया भीषण हमला, सामने आई वजह; 300 के पार पहुंचा मृतकों का आंकड़ा

गाजा पर इजरायल ने क्यों किया भीषण हमला, सामने आई वजह; 300 के पार पहुंचा मृतकों का आंकड़ा

 Published : Mar 18, 2025 01:25 pm IST,  Updated : Mar 18, 2025 02:07 pm IST

इजरायल ने गाजा पर फिर से बड़ा हमला किया है। इजरायल के मुताबिक शांति वार्ता विफल होने के बाद यह कार्रवाई की गई है। हमास ने इजरायल के इस हमले की निंदा की है।

इजराइल ने गाजा पट्टी में किए हवाई हमले- India TV Hindi
इजराइल ने गाजा पट्टी में किए हवाई हमले Image Source : AP

दीर अल-बलाह: इजराइल ने मंगलवार सुबह गाजा पट्टी में एक बार फिर तबाही मचा दी। इजरायल की तरफ से हमास के ठिकानों को निशाना बनाते हुए सिलसिलेवार हवाई हमले किए हैं। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि हमले में कम से कम 326 लोगों की मौत हो गई जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। कहा जा रहा है जनवरी में युद्धविराम के प्रभावी होने के बाद से यह गाजा में अब तक का सबसे भीषण हमला है। 

बेंजामिन नेतन्याहू ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि युद्धविराम को बढ़ाने के लिए वार्ता में कोई खास प्रगति नहीं होने के कारण उन्होंने हमले का आदेश दिया। अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक कार्यालय एवं आवास ‘व्हाइट हाउस’ ने कहा कि हमला करने से पहले उससे सलाह ली गई है और उसने इजरायल के फैसले का समर्थन किया। ‘व्हाइट हाउस’ ने दोबारा युद्ध जैसी स्थिति के लिए हमास को जिम्मेदार ठहराया। अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता ब्रायन ह्यूजेस ने कहा कि हमास ‘‘युद्धविराम को बढ़ाने के लिए बंधकों को रिहा कर सकता था, लेकिन उसने इनकार कर दिया और युद्ध को चुना।’’ 

इजराइल ने गाजा में बरसाए बम
Image Source : APइजराइल ने गाजा में बरसाए बम

अब नहीं रुकेगा इजरायल

मिस्र और कतर के साथ मध्यस्थता प्रयासों का नेतृत्व कर रहे अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ ने पहले ही आगाह किया था कि हमास को जीवित बंधकों को तुरंत रिहा करना चाहिए ‘या फिर भारी कीमत चुकानी होगी।’ नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा, ‘‘इजरायल अब सैन्य ताकत बढ़ाकर हमास के खिलाफ कार्रवाई करेगा।’’ ताजा हमलों ने शांति का दौर खत्म कर दिया है और 17 माह से जारी संघर्ष के फिर से शुरू होने की आशंका को बढ़ा दिया है। इजरायल और हमास के बीच जंग में 48,000 से ज्यादा फलस्तीनी मारे गए है और गाजा तबाह चुका है।  

हमास ने क्या कहा?

हमास द्वारा बंधक बनाकर रखे गए लगभग 24 इजराइली नागरिकों के भविष्य के बारे में इन हमलों के कारण संशय की स्थिति पैदा हो गई है जिनके बारे में माना जाता है कि वो अब भी जीवित हैं। हमास ने आरोप लगाया कि नेतन्याहू ने संघर्षविराम समझौते को खत्म कर दिया और बंधकों के भविष्य को खतरे में डाल दिया है। बयान में हमास ने मध्यस्थों से इजरायल को ‘‘समझौते का उल्लंघन करने और उसे खत्म करने के लिए पूरी तरह से जिम्मेदार ठहराने’’ का आह्वान किया।  

इजराइल ने गाजा में किया अटैक
Image Source : APइजराइल ने गाजा में किया अटैक

'गाजा में और बुरी हालत होगी'

दक्षिणी शहर खान यूनिस में ‘एसोसिएटेड प्रेस’ के संवाददाताओं ने धमाकों के बाद जगह-जगह धुएं का गुबार देखा। घायल लोगों को एंबुलेंस से नासिर अस्पताल ले जाया गया जहां मरीज फर्श पर पड़े थे और दर्द से तड़प रहे थे। एक छोटे लड़के के सिर पर पट्टी बंधी हुई थी, जबकि एक स्वास्थ्यकर्मी यह जांच रहा था कि उसे कहीं और तो चोट नहीं आई है। हाथ में गंभीर चोट आने से एक लड़की भी दर्द से चिल्ला रही थी। कई फलस्तीनियों ने कहा कि जब फरवरी की शुरुआत में संघर्षविराम के दूसरे चरण पर वार्ता निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो पाई तभी उन्हें युद्ध फिर से शुरू होने की आशंका लग रही थी। इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा कि अगर बंधकों को रिहा नहीं किया गया तो ‘गाजा में और बुरी हालत होगी।’ उन्होंने कहा, ‘‘हम तब तक लड़ाई नहीं रोकेंगे जब तक हमारे सभी बंधक घर नहीं पहुंच जाते।’’ (एपी)

यह भी पढ़ें:

डोमिनिकन में लापता हुई भारतीय छात्रा, जानिए उस शख्स ने क्या कहा जिसने उसे आखिरी बार देखा

गाजा पर घातक हमले को लेकर अमेरिका ने खोले राज, बताया इजरायल ने क्या किया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश