1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पीएम मोदी ने जानें क्यों लगाया ब्रिटेन के महाराजा किंग्स चार्ल्स-3 को फोन, जानें क्या हुई बात?

पीएम मोदी ने जानें क्यों लगाया ब्रिटेन के महाराजा किंग्स चार्ल्स-3 को फोन, जानें क्या हुई बात?

 Published : Dec 19, 2024 07:50 pm IST,  Updated : Dec 19, 2024 07:50 pm IST

पीएम मोदी ने बृहस्पतिवार को ब्रिटेन के किंग्स चार्ल्स-तृतीय से फोन पर दोनों देशों के बीच संबंधों को और गहरा करने समेत कई मुद्दों पर बातचीत की। उन्होंने इस दौरान उनकी सेहत के बारे में भी जानकारी ली और कुशलक्षेम पूछा।

पीएम मोदी और ब्रिटेन के राजा किंग्स चार्ल्स-तृतीय।- India TV Hindi
पीएम मोदी और ब्रिटेन के राजा किंग्स चार्ल्स-तृतीय। Image Source : AP

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को ब्रिटेन के किंग चार्ल्स तृतीय को अचानक फोन लगाया और देर तक उनसे बातचीत की। प्रधानमंत्री ने चार्ल्स-3 से वार्तालाप के दौरान भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।उन्होंने इस दौरान राष्ट्रमंडल, जलवायु कार्रवाई और स्थिरता सहित आपसी हितों के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया तथा किंग चार्ल्स तृतीय के बेहतर स्वास्थ्य और कुशलता की कामना की।

इसके बाद पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज ब्रिटेन के किंग चार्ल्स तृतीय के साथ बात करना खुशी की बात रही। भारत-ब्रिटेन संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। राष्ट्रमंडल, जलवायु कार्रवाई और स्थिरता सहित आपसी हितों के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।’’ प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘उनके (चार्ल्स तृतीय के) बेहतर स्वास्थ्य और कुशलता की कामना की।’’ इस बीच, प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि मोदी ने चार्ल्स तृतीय से बातचीत में दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक संबंधों को याद किया और भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

इन मुद्दों पर हुई चर्चा

पीएमओ ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रमंडल राष्ट्रों और समोआ में हाल ही में संपन्न राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों की बैठक पर विचारों का आदान-प्रदान किया। इस दौरान दोनों ने जलवायु कार्रवाई और निरंतरता सहित आपसी हितों के अनेक विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। पीएमओ ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने इन मुद्दों पर किंग्स चार्ल्स की निरंतर वकालत और पहलों की सराहना की और उन्हें भारत द्वारा की गई कई पहलों के बारे में जानकारी दी।’’ दोनों ने क्रिसमस और नववर्ष के आगामी अवसरों पर शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया।  (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश