कुआलालंपुरः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को मलेशिया के 2 दिवसीय दौरे पर पहुंच गए हैं। कुआलालंपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम उन्हें लेने खुद वहां पहुंचे। इसके बाद उन्होंने पीएम मोदी को अपनी ही कार में बैठा यात्रा की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब भारतीय समुदाय के लोगों के बीच अपना संबोधन दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैंने मलेशिया आकर अपना वादा पूरा किया। मलेशिया में भारत के लिए बहुत सम्मान और प्यार है। उन्होंने कहा कि 2026 का मेरा पहला दौरा मलेशिया का हो रहा है।
भारतीय फिल्में और तमिल गाने मलेशिया में लोकप्रिय
पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय फिल्में और तमिल गाने यहां काफी लोकप्रिय हैं। मन की बात में भी मैंने मलेशिया का जिक्र किया। मलेशिया के 500 स्कूलों में भारतीय भाषा में पढ़ाई होती है। भारत और मलेशिया की संस्कृति बहुत पुरानी है। उन्होंने कहा कि तमिल की संस्कृति ग्लोबल है। मैं गर्व से कह सकता हूं कि हमारे उपराष्ट्रपति डॉ. सीपी राधाकृष्णन, हमारे विदेश मंत्री एस जयशंकर और हमारी वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जैसे कई दिग्गज नेता तमिलनाडु से आते हैं।
मलेशिया के साथ हमारे संबंध नई ऊंचाई पर
पीएम मोदी ने कहा कि मलेशिया के साथ भारत का रिश्ता अब नई ऊंचाई पर है। अभी पिछले साल मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम जब नई दिल्ली आए थे। भारत और मलेशिया ने अपनी रणनीतिक साझेदारी को बेहद मजबूत किया। भारत की सफलता ही मलेशिया की सफलता है। दोनों देशों एक दूसरे की सफलता को सेलिब्रेट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत-मलेशिया की सफलता ही एशिया की सफलता है।
भारत का यूपीआई मलेशिया में बहुत जल्द आ रहा है
पीएम मोदी ने कहा कि भारत का यूपीआई मलेशिया में बहुत जल्द आ रहा है। भारत ने पिछले एक दशक में अप्रत्याशित विकास किया है। एयरपोर्ट से लेकर आधुनिक वंदेभारत के ट्रेनों के विकास तक में भारत ने ग्रोथ किया। कार्यक्रम स्थल पर मोदी-मोदी के नारे लग रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि भारत बहुत जल्द दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने वाला है। इसके साथ ही दुनिया का सबसे बड़ा इंटर-इकोसिस्टम बनाने वाला है, भारत दुनिया का सबसे बड़ा डिजिटल नेटवर्क बनने वाला है।
भारत ने कई देशों के साथ बड़ा व्यापार समझौता किया
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कुछ समय में भारत ने यूएई से लेकर, ओमान, न्यूजीलैंड, यूरेशिया, यूरोपीय संघ और अमेरिका के साथ बड़ा व्यापार समझौता किया। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया में विश्वसनीय व्यापार साझेदार बन गया है। भरोसा भारत की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने भारतीय समुदाय से कहा कि विकसित भारत बना कर रहेंगे कि नहीं रहेंगे। अपने सपनों को साकार करेंगे या नहीं करेंगे। हम संकल्पों को सिद्ध करके रहेंगा या नहीं। इस पर लोगों ने उनकी हां में हां मिलाया। उन्होंने कहा कि अप्रवासीय भारतीय हमारे लिए बड़ी पूंजी हैं।
मलेशिया में खोलेंगे नया कांसुलेट
पीएम मोदी ने कहा कि हम मलेशिया में नया कांसुलेट खोलेंगे। इससे अप्रवासी भारतीयों की मुश्किलें आसान होंगी। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल मैन्यूफैक्चरर हब बन गया है।
पीएम मोदी ने एक्स पर शेयर की तस्वीर
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "भारत-मलेशिया के जन-जन संबंधों का जश्न मनाते हुए! प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम और मैं कुआलालंपुर में आयोजित सामुदायिक कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे हैं।"

एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का हुआ शानदार स्वागत
कुआलालंपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जबरदस्त स्वागत हुआ। मलेशिया के प्रधानमंत्री ने पीएम मोदी को गले लगाया और उनका हालचाल पूछा। इसके बाद वह दोनों नेता एक ही कार से कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हो गए।
पीएम मोदी ने कहा-स्वागत से अत्यंत भावुक
प्रधानमंत्री मोदी ने मलेशिया पहुंचते ही पहली पोस्ट किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, "कुआलालंपुर पहुंच गया। मेरे मित्र प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम द्वारा हवाई अड्डे पर किए गए हार्दिक स्वागत से मैं अत्यंत भावुक हूं। मैं आपसे बातचीत करने और भारत और मलेशिया के बीच मित्रता के बंधन को और मजबूत करने के लिए उत्सुक हूं।"
थोड़ी देर में भारतीयों को करेंगे संबोधित
प्रधानमंत्री के कुआलालंपुर पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत हुआ। मलेशिया के प्रधानमंत्री ने खुद उनका जोरदार वेलकम किया। मलेशिया में पहुंचते ही मोदी-मोदी के नारे लगने लगे। वह तीसरी बार मलेशिया के दौरे पर हैं। मलेशिया को मिनी इंडिया भी कहा जाता है .. क्योंकि यहा करीब 30 लाख भारतीय समुदाय के लोग रहते हैं.. जो मलेशिया की कुल आबादी का करीब 9 प्रतिशत है। प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए कुआलालंपुर की सड़कों पर मोदी के पोस्टर लगाए गए हैं। जगह-जगह होर्डिंग लगाई गई है, जो मलेशिया और भारत की दोस्ती की गरमाहट को बताने के लिए काफी है। थोड़ी ही देर में पीएम मोदी भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करेंगे। बता दें कि भारत और मलेशिया दोनों ही आसियान के सदस्य हैं। मलेशिया के प्रधानमंत्री इब्राहिम के निमंत्रण पर पीएम मोदी कुआलालंपुर पहुंचे हैं।