1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. क्या टूरिज्म पर भारत से विवाद के बाद मालदीव की नैया पार लगाएगा चीन? राष्ट्रपति ने और टूरिस्ट भेजने की लगाई गुहार

क्या टूरिज्म पर भारत से विवाद के बाद मालदीव की नैया पार लगाएगा चीन? राष्ट्रपति ने और टूरिस्ट भेजने की लगाई गुहार

 Published : Jan 09, 2024 09:26 pm IST,  Updated : Jan 09, 2024 09:26 pm IST

भारत से विवाद के बाद मालदीव के राष्ट्रपति ने चीन से मदद की उम्मीद करते हुए और अधिक टूरिस्ट भेजने को कहा है।

Mohamed Muizzu- India TV Hindi
मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मोइज्जू Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE (AP)

पीएम मोदी के खिलाफ मालदीव के मंत्रियों की अपमानजनक टिप्पणियों पर विवाद होने के बाद अब मालदीव ने चीन से मदद की गुहार लगाई है। मंगलवार को मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने चीन से उनके देश में अधिक पर्यटकों को भेजने के प्रयासों को तेज करने का आग्रह किया है। बता दें कि बीतों दिनों प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ मालदीव के मंत्रियों की आपत्तिजनक टिप्पणी पर राजनयिक विवाद पैदा होने के बाद भारतीय पर्यटकों ने मालदीव की करीबन 8000 बुकिंग रद्द की है। बता दें कि मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने इन दिनों चीन की यात्रा पर हैं।

5 दिवसीय यात्रा पर हैं चीन

चीन की अपनी 5 दिवसीय आधिकारिक यात्रा के दूसरे दिन मुइज्जू ने मंगलवार को फुजियान प्रांत में ‘मालदीव बिजनेस फोरम’ को संबोधित करते हुए चीन को द्वीपीय राष्ट्र का "निकटतम सहयोगी" बताया। मालदीव के राष्ट्रपति ने कहा,"चीन हमारे सबसे करीबी सहयोगियों और विकास साझेदारों में से एक है।" अपने संबोधन के दौरान उन्होंने साल 2014 में चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग द्वारा शुरू की गई ‘बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव’ (बीआरआई) प्रोजेक्ट की खूब प्रशंसा की और कहा कि उन्होंने (चिनफिंग) मालदीव के इतिहास में देखी गई सबसे महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा प्रोजेक्ट दी हैं।" मुइज्जू ने चीन से बड़ी तदाद में मालदीव में अपने पर्यटकों भेजने का आग्रह किया।

5 करोड़ डॉलर के प्रोजेक्ट पर साइन

मुइज्जू की आधिकारिक वेबसाइट पर शेयर किए गए एक बयान के मुताबिक, "कोविड से पहले चीन के पर्यटक बड़ी तदाद में हमारे देश में आते थे, और इसीलिए मेरा अनुरोध है कि चीन इस स्थिति को फिर से हासिल करने के लिए प्रयास तेज करे।" वहीं, मालदीव की मीडिया की रिपोर्ट में बताया गया कि दोनों देशों ने हिंद महासागर द्वीप में एक एकीकृत पर्यटन क्षेत्र डेवलपमेंट करने के लिए 5 करोड़ डॉलर के प्रोजेक्ट पर साइन किए हैं।

सबसे ज्यादा टूरिस्ट भारत से

चीनी पर्यटकों के लिए मुइज्जू की अपील मालदीव के कुछ मंत्रियों द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियों के बाद एक राजनयिक विवाद के बीच आई है, जब मोदी ने अपनी हालिया यात्रा के दौरान लक्षद्वीप की एक प्राचीन समुद्र तट पर अपना एक वीडियो शेयर किया था। इसके बाद मुइज्जू की सरकार ने सोशल मीडिया पर मोदी के खिलाफ अपमानजनक पोस्ट के लिए तीन उप मंत्रियों को सस्पेंड कर दिया है। मालदीव के पर्यटन मंत्रालय द्वारा पहले जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, भारत साल 2023 में देश के लिए सबसे बड़ा पर्यटक बाजार बना हुआ है। पिछले साल मालदीव में सबसे अधिक 2,09,198 भारतीय टूरिस्ट पहुंचे थे, इसके बाद 2,09,146 रूसी टूरिस्ट और 1,87,118 चीनी टूरिस्ट पहुंचे थे।

ये भी पढ़ें:

भारत से पंगा लेना मालदीव के राष्ट्रपति को पड़ा भारी, मोइज्जू के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश