1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. भारतीयों के इस कदम से फूलने लगा मालदीव का दम, मंत्री इब्राहिम फैसल बोले 'प्लीज...': VIDEO

भारतीयों के इस कदम से फूलने लगा मालदीव का दम, मंत्री इब्राहिम फैसल बोले 'प्लीज...': VIDEO

 Published : May 07, 2024 11:46 am IST,  Updated : May 07, 2024 11:46 am IST

भारत के पर्यटकों की बेरुखी के चलते मालदीव की अर्थव्यवस्था को बड़ा झटका लगा है। अब मालदीव भारतीय पर्यटकों से गुहार लगा रहा है कि वो उनके देश आएं, उनका स्वागत किया जाएगा।

मालदीव में घटी पर्यटकों की संख्या (सांकेतिक तस्वीर)- India TV Hindi
मालदीव में घटी पर्यटकों की संख्या (सांकेतिक तस्वीर) Image Source : AP

दुबई: भारत और मालदीव के बीच तनावपूर्ण संबंध हाल के दिनों में चर्चा का विषय रहे हैं। संबंधों में आई दरार की वजह से मालदीव के पर्यटन कोरोबार में गिरावट भी देखने को मिली है। इस बीच अब मालदीव के पर्यटन मंत्री ने भारतीयों से आग्रह किया कि वो पर्यटन पर निर्भर उनके देश की अर्थव्यवस्था में योगदान दें। मालदीव के पर्यटन मंत्री इब्राहिम फैसल ने ‘पीटीआई वीडियो’ के साथ एक साक्षात्कार में मालदीव और भारत के बीच ऐतिहासिक संबंधों पर जोर दिया। 

'अर्थव्यवस्था पर्यटन पर निर्भर'

इब्राहिम फैसल ने कहा, ‘‘हमारा एक इतिहास है। हमारी नवनिर्वाचित सरकार भी मिलकर (भारत के साथ) काम करना चाहती है। हम हमेशा शांति और मैत्रीपूर्ण वातावरण को बढ़ावा देते हैं। हमारे लोग और सरकार आने वाले भारतीयों का गर्मजोशी से स्वागत करेंगे। पर्यटन मंत्री के तौर पर मैं भारतीयों से कहना चाहता हूं कि कृपया मालदीव के पर्यटन का हिस्सा बनें। हमारी अर्थव्यवस्था पर्यटन पर निर्भर करती है।’’ 

आखिर हुआ क्या

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छह जनवरी को ‘एक्स’ पर लक्षद्वीप की कुछ तस्वीरें और वीडियो साझा की थीं जिस पर मालदीव के तीन मंत्रियों ने सोशल मीडिया पर भारत और प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां की। इस घटना को लेकर भारत में तीखी प्रतिक्रिया हुई और लोगों ने सोशल मीडिया में मालदीव का बहिष्कार करने और पर्यटन के लिए वहां नहीं जाने की बात की। इसके बाद से भारत और मालदीव के रिश्तों में दूरियां बढ़ती चली गईं। 

पर्यटकों की संख्या में भारी कमी 

मालदीव में भारतीयो की बोरुखी से पर्यटन व्यवसाय पर खासा असर पड़ा है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि हाल ही में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार पिछले साल के पहले चार महीनों की तुलना में इस साल के पहले चार महीनों में भारत से मालदीव पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या में 42 प्रतिशत की कमी आई है। 

यह भी पढ़ें:

इजराइल-हमास सीजफायर प्रस्ताव की निकली हवा, इजराइली सेना रफह पर करेगी जमीनी हमला?

यूक्रेन से जंग के बीच रूस ने उठाया खौफनाक कदम, परमाणु हथियारों को लेकर सामने आई बड़ी जानकारी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश