1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. 'यह मत समझिए कि पहले जैसा ही जवाब मिलेगा', नेतन्याहू ने ईरान को दी कड़ी चेतावनी

'यह मत समझिए कि पहले जैसा ही जवाब मिलेगा', नेतन्याहू ने ईरान को दी कड़ी चेतावनी

 Written By: Vineet Kumar Singh @VickyOnX
 Published : Jul 15, 2026 06:54 am IST,  Updated : Jul 15, 2026 07:28 am IST

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान को चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी हमले का पहले से कहीं अधिक शक्तिशाली जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इजरायल अब हर हमले का कड़ा प्रतिकार करेगा।

Benjamin Netanyahu, Israel Iran tensions, Israel warning to Iran- India TV Hindi
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू। Image Source : AP

Highlights

  • नेतन्याहू बोले, ईरान ने हमला किया तो इस बार पहले से कहीं ज्यादा ताकतवर जवाब मिलेगा।
  • इजरायल ने कहा, अब हर हमले का कई गुना तगड़ा जवाब देंगे, रणनीति पूरी तरह बदल गई है।
  • बहरीन का बड़ा दावा, कहा- 'ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमलों को नाकाम किया।'

यरुशलम: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उसने दोबारा इजरायल पर हमला किया तो इस बार उसे पहले से कहीं ज्यादा ताकतवर जवाब मिलेगा। उन्होंने साफ कहा कि ईरान यह उम्मीद न करे कि हमला करने के बाद इजरायल शांत रहेगा या पहले जैसी प्रतिक्रिया देगा। नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल की सेना और सुरक्षा एजेंसियां किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

'यह मत सोचिए कि सब कुछ शांत रहेगा'

PMO की ओर से जारी बयान के मुताबिक, नेतन्याहू ने दक्षिणी शहर डिमोना में आयोजित नेगेव सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा,

'अगर आप हम पर हमला करेंगे तो यह मत सोचिए कि सब कुछ शांत रहेगा। यह भी मत समझिए कि पहले जैसा ही जवाब मिलेगा। इस बार हालात अलग होंगे और जवाब कहीं ज्यादा शक्तिशाली होगा। मैं ईरान के नेताओं से कहना चाहता हूं कि हमला करने के बाद शांति की उम्मीद मत कीजिए। इस बार जो होगा, वह पहले से कहीं ज्यादा दमदार होगा।'

'वे दिन चले गए जब हम जवाब नहीं देते थे'

नेतन्याहू ने कहा कि अब इजरायल ने अपनी रणनीति बदल दी है। अब अगर कोई देश या संगठन इजरायल को नुकसान पहुंचाएगा तो उसे कई गुना ज्यादा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा,

'वे दिन चले गए जब कोई हमें नुकसान पहुंचाता था और हम उसका जवाब नहीं देते थे। हमने ईरान के 'एक्सिस ऑफ ईविल' के खिलाफ ऐसा किया है और जो भी हमें नुकसान पहुंचाएगा, उसके खिलाफ आगे भी यही करेंगे।'

इजरायल की यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ रहा है। हाल के दिनों में सीजफायर टूटने के बाद एक बार फिर सैन्य गतिविधियां तेज हो गई हैं।

ईरान ने बहरीन पर भी दाग दीं मिसाइलें

बता दें कि इस बीच बहरीन ने दावा किया कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने मंगलवार सुबह ईरान की ओर से नागरिक इलाकों को निशाना बनाकर दागे गए कई मिसाइल और ड्रोन हमलों को हवा में ही नष्ट कर दिया। बहरीन डिफेंस फोर्स की जनरल कमांड ने कहा कि उसकी सेना ने पूरी तैयारी के साथ सभी हमलों को सफलतापूर्वक विफल कर दिया। बहरीन ने आरोप लगाया कि ईरान लगातार नागरिक इलाकों को निशाना बनाकर हमला कर रहा है। उसने कहा कि मिसाइलों और ड्रोन से नागरिक ढांचे पर हमला करना अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का गंभीर उल्लंघन है।

ये भी पढ़ें: इजरायल में आम चुनाव की तारीख हो गई तय, गाजा युद्ध के साये में PM नेतन्याहू की साख दांव पर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश