Thursday, March 12, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. भारत और फिलीपींस के बीच शुरू हुआ संबंधों का नया अध्याय, दोनों देशों ने रणनीतिक साझेदारी का किया ऐलान

भारत और फिलीपींस के बीच शुरू हुआ संबंधों का नया अध्याय, दोनों देशों ने रणनीतिक साझेदारी का किया ऐलान

Edited By: Amit Mishra @AmitMishra64927 Published : Aug 05, 2025 06:18 pm IST, Updated : Aug 05, 2025 06:18 pm IST

फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर मार्कोस जूनियर पांच दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत में हैं। राष्ट्रपति फर्डिनेंड ने पीएम मोदी से मुलाकात की है। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने का फैसला लिया है।

फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर मार्कोस जूनियर (L) पीएम नरेंद्र मोदी (R)- India TV Hindi
Image Source : AP फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर मार्कोस जूनियर (L) पीएम नरेंद्र मोदी (R)

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत और फिलीपींस अपनी मर्जी से मित्र और नियति से साझेदार हैं। उन्होंने यह टिप्पणी ऐसे समय में की, जब दोनों देशों ने आपसी संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाते हुए अपने सशस्त्र बलों के बीच तालमेल बढ़ाने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री मोदी और फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर मार्कोस जूनियर के बीच संपन्न द्विपक्षीय वार्ता के बाद दोनों देशों ने आपसी संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने की घोषणा की है। इससे पहले दोनों देशों की नौसेनाओं ने फिलीपींस तट पर संयुक्त अभ्यास भी किया था। पीएम मोदी ने मार्कोस की मौजूदगी में कहा, “हिंद महासागर से लेकर प्रशांत महासागर तक, हम साझा मूल्यों के तहत एकजुट हैं। हमारी दोस्ती केवल अतीत की साझेदारी नहीं है, यह भविष्य के लिए एक वादा है।” 

भारत और फिलीपींस के बीच  9 समझौतों पर हुए हस्ताक्षर

भारत और फिलीपींस ने 9 समझौतों पर हस्ताक्षर किए, जिनमें रणनीतिक साझेदारी की घोषणा एवं कार्यान्वयन, दोनों देशों की सेना, वायु सेना और नौसेना के बीच वार्ता के लिए संदर्भ की शर्तें और अंतरिक्ष के शांतिपूर्ण इस्तेमाल पर सहयोग शामिल है। मोदी ने कहा कि फिलीपींस भारत की ‘एक्ट ईस्ट नीति’ और ‘महासागर’ (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र उन्नति) दृष्टिकोण में एक अहम साझेदार है। उन्होंने कहा, “हम हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, सुरक्षा, समृद्धि और नियम-आधारित व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम अंतरराष्ट्रीय कानूनों के अनुसार नौवहन की स्वतंत्रता का समर्थन करते हैं।” 

रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़े संबंध

पीएम मोदी ने कहा, “यह खुशी की बात है कि आज हमने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने का फैसला लिया है। इस साझेदारी की संभावनाओं को नतीजों में बदलने के लिए एक व्यापक कार्य योजना भी तैयार की गई है।” भारत और फिलीपींस दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। इस अवसर पर मोदी और मार्कोस ने एक डाक टिकट जारी किया। मोदी ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की निंदा करने और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ खड़े होने के लिए फिलीपीन सरकार का आभार जताया। पहलगाम हमले में 26 लोगों की जान गई थी। 

'दोनों देशों के बीच बढ़ रहा है व्यापार'

पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच बढ़ते रक्षा संबंध गहरे आपसी विश्वास का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा, “समुद्र से घिरे देशों के रूप में, भारत और फिलीपींस के बीच समुद्री सहयोग स्वाभाविक और आवश्यक दोनों है। हम मानवीय सहायता, आपदा राहत, खोज एवं बचाव के क्षेत्र में मिलकर काम कर रहे हैं।” प्रधानमंत्री ने कहा कि विकास साझेदारी के तहत भारत फिलीपींस में त्वरित प्रभाव परियोजनाओं की संख्या बढ़ाएगा और संप्रभु डेटा क्लाउड अवसंरचना के विकास में भी सहयोग करेगा। उन्होंने कहा, “आज जब (फिलीपींस के) राष्ट्रपति भारत में हैं, तब भारतीय नौसेना के तीन जहाज पहली बार फिलीपींस में किसी नौसैनिक अभ्यास में हिस्सा ले रहे हैं।” मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार लगातार बढ़ रहा है और तीन अरब अमेरिकी डॉलर के आंकड़े को पार कर गया है।

पीएम मोदी ने और क्या कहा?

पीएम मोदी ने कहा, “व्यापार संबंधों को और मजबूत करने के लिए, भारत-आसियान मुक्त व्यापार समझौते की जल्द से जल्द समीक्षा करना हमारी प्राथमिकता है। हमने द्विपक्षीय अधिमान्य व्यापार समझौते की दिशा में काम करने का भी फैसला लिया है।” मोदी ने कहा कि भारतीय कंपनियां सूचना एवं डिजिटल प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य, ऑटोमोबाइल, बुनियादी ढांचे और खनिज क्षेत्रों में सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में, विषाणु विज्ञान से लेकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और ‘एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग’ (3-डी प्रिटिंग) तक, संयुक्त अनुसंधान किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सहयोग योजना इस साझेदारी को गति प्रदान करेगी। (भाषा)

यह भी पढ़ें:

इंटरनेट उपयोग करना हो सकता है खतरनाक, क्या अपने लोगों को दुनिया से अलग-थलग कर रहा है रूस?

जेलेंस्की के दावे ने मचाई सनसनी, बोले- 'रूस के लिए लड़ रहे हैं पाकिस्तानी सैनिक'; इन देशों का भी लिया नाम

Latest World News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश

Advertisement
Advertisement
Advertisement