1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. यूक्रेन से युद्ध के बीच रूस और उत्तर कोरिया में हुई एक बड़ी डील ने मचाई दुनिया में खलबली, जानें पूरा मामला

यूक्रेन से युद्ध के बीच रूस और उत्तर कोरिया में हुई एक बड़ी डील ने मचाई दुनिया में खलबली, जानें पूरा मामला

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : May 01, 2025 07:09 pm IST,  Updated : May 01, 2025 07:09 pm IST

उत्तर कोरिया और रूस के बीच सीधे सड़क मार्ग बनाने को लेकर एक बड़ी डील हुई है। इससे दोनों देश सीधे सड़क मार्ग से जुड़ जाएंगे। रणनीतिक रूप से रूस और उत्तर कोरिया के लिए यह बड़ी उपलब्धि होगी।

रूस के राष्ट्रपति पुतिन और उत्तर कोरिया के लीडर किम जोंग उन। - India TV Hindi
रूस के राष्ट्रपति पुतिन और उत्तर कोरिया के लीडर किम जोंग उन। Image Source : AP

सियोल: यूक्रेन के साथ चल रहे भीषण युद्ध के बीच रूस और उत्तर कोरिया के बीच हुई एक बड़ी डील ने पूरी दुनिया में खलबली मचा दी है। रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमिर पुतिन और उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने दोनों देशों के बीच दोस्ती और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए सबसे बड़ा कदम उठाया है। इसके तहत उत्तर कोरिया और रूस ने अपना पहला सड़क संपर्क मार्ग बनाना शुरू कर दिया है। इस सूचना के जारी होते ही दुनिया भर में सनसनी फैल गई है। 

दोनों देशों ने अपने इस सड़क परियोजना की घोषणा कर दी है। इसे आगामी करीब डेढ़ वर्ष में तैयार कर लिया जाएगा। दोनों देशों ने अपनी-अपनी सीमाओं से जुड़ी नदी पर पुल का भी निर्माण करने का भी ऐलान किया है, जो उनके बढ़ते संबंधों को और आगे बढ़ाएगा। रूस की ‘तास’ समाचार एजेंसी ने बुधवार को बताया कि पुल एक किलोमीटर लंबा होगा और इसके निर्माण में डेढ़ साल का समय लगने की उम्मीद है। उत्तर कोरिया की ‘कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी’ (केसीएनए) ने कहा कि पुल लोगों की सीमा पार यात्रा, पर्यटन और वस्तुओं के आदान प्रदान को सुगम बनाएगा।

हथियारों की सीधी आपूर्ति होगी आसान

यूक्रेन युद्ध में उत्तर कोरिया पर रूस को हथियार देने का आरोप लगता रहा है। अब दोनों देशों के बीच सीधा सड़क मार्ग संबंध विकसित होने से हथियारों की सप्लाई में और तेजी आने की आशंका है। इससे यूक्रेन से लेकर अमेरिका तक में हड़कंप मच गया है। बता दें कि हाल के वर्षों में दोनों देशों के बीच संबंध और विनिमय कार्यक्रम बढ़े हैं तथा यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध का समर्थन करने के लिए उत्तर कोरिया गोला-बारूद और सैनिकों की आपूर्ति कर रहा है। एक रेलवे पुल और हवाई सेवा पहले से ही उत्तर कोरिया और रूस को जोड़ती है और जून 2024 में दोनों देश टुमेन नदी पर ऑटोमोबाइल के लिए एक पुल बनाने पर सहमत हुए जो रूस एवं चीन के साथ उत्तर कोरिया की सीमाओं पर बहती है।

दोनों देश अपनी सीमा क्षेत्र में नदी पर बनाएंगे पुल

सरकारी मीडिया एजेंसियों के अनुसार, बृहस्पतिवार को उत्तर कोरिया और रूस ने अपने-अपने सीमावर्ती शहरों में पुल के निर्माण के लिए एक साथ समारोह आयोजित किया। एजेंसियों ने कहा कि उत्तर कोरिया के प्रधानमंत्री पाक था सोंग और रूस के प्रधानमंत्री मिखाइल मिशुस्तीन वीडियो लिंक के माध्यम से समारोह में शामिल हुए। केसीएनए ने बृहस्पतिवार को बताया कि प्रधानमंत्री पाक था सोंग ने कहा कि पुल के निर्माण को द्विपक्षीय संबंधों में ‘‘एक ऐतिहासिक स्मारक’’ के रूप में याद किया जाएगा। (एपी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश