1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को चीन में दी गई श्रद्धांजलि, भारतीय दूतावासों में रखा गया कार्यक्रम

पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को चीन में दी गई श्रद्धांजलि, भारतीय दूतावासों में रखा गया कार्यक्रम

 Published : May 03, 2025 02:13 pm IST,  Updated : May 03, 2025 02:13 pm IST

पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को चीन में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही इस आतंकी हमले की कड़ी निंदा की गई।

चीन में भारतीय दूतावास। - India TV Hindi
चीन में भारतीय दूतावास। Image Source : MEA

बीजिंग: चीन के शंघाई और ग्वांगझू प्रांत में भारत के जम्मू-कश्मीर राज्य के पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए भारतीयों को श्रद्धांजलि दी गई। चीन में स्थित भारतीय राजनयिक दूतावासों ने पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए कई शोक सभाएं आयोजित कीं। इन शोक सभाओं में वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों के साथ प्रवासी भारतीय समुदाय के सदस्य भी शामिल हुए।

उन्होंने आतंकवादी हमले में लोगों के मारे जाने पर शोक व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। शंघाई स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास में महावाणिज्य दूत प्रतीक माथुर के नेतृत्व में शोक सभा की गई। वाणिज्य दूतावास द्वारा 30 अप्रैल को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा किए गए एक ‘पोस्ट’ में कहा गया, ‘‘महावाणिज्य दूत प्रतीक माथुर के नेतृत्व में भारतीय महावाणिज्य दूतावास शंघाई के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, भारत के मित्रों और भारतीय प्रवासियों ने पहलगाम आतंकवादी हमले के पीड़ितों के प्रति वाणिज्य दूतावास में गहरी संवेदना व्यक्त की।’’

पहलगाम में मारे गए थे 26 लोग

इसी तरह, ग्वांगझू स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए एक शोक सभा की। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे जिनमें से अधिकतर पर्यटक थे। ग्वांगझू वाणिज्य दूतावास ने शुक्रवार को ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘इस शोक सभा में 60 से अधिक प्रवासी भारतीय, वाणिज्य दूतावास के अधिकारी एवं उनके परिवार के सदस्य तथा भारत के मित्र शामिल हुए।’’ इसने कहा कि कई लोग डिजिटल माध्यम से भी शोक सभा में शामिल हुए। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश