1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पाकिस्तान में मूसलाधार बारिश ने फिर मचाई तबाही, 24 लोगों की मौत; कई लापता

पाकिस्तान में मूसलाधार बारिश ने फिर मचाई तबाही, 24 लोगों की मौत; कई लापता

 Published : Aug 15, 2025 02:07 pm IST,  Updated : Aug 15, 2025 02:07 pm IST

पाकिस्तान में भारी बारिश ने हाहाकार मचा दिया है। बारिश के चलते खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में तबाही मच गई है। बारिश के चलते 24 लोगों की मौत हो गई है और कई अन्य लोगों के लापता होने की खबर है। राहत और बचाव का काम जारी है।

पाकिस्तान में भारी बारिश - India TV Hindi
पाकिस्तान में भारी बारिश Image Source : AP

पेशावर/इस्लामाबाद: पाकिस्तान में एक बार फिर भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। देश के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को इस बारे में जानकारी दी है। बचाव अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के लोअर दीर, बाजौर और एबटाबाद समेत कई जिलों में अचानक आई बाढ़ व भूस्खलन में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और 8 अन्य घायल हो गए। लोअर दीर के मैदानी इलाके सोरी पाओ में एक मकान की छत गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई और महिलाओं व बच्चों समेत 4 अन्य घायल हो गए। बचाव कर्मियों ने मलबे से सात लोगों को निकाला, जिनमें से 5 को मृत घोषित कर दिया गया। 

पाकिस्तान में कहां फटा बादल 

अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण पंजकोरा नदी का जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़ गया है। बाजौर जिले में, जबरारी और सालारजई इलाकों में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से व्यापक तबाही हुई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अब तक 9 शव बरामद किए गए हैं साथ 4 घायलों को बचाया गया है। कम से कम 17 अन्य लोग लापता बताए जा रहे हैं। जबरारी गांव में बादल फटने से भीषण बाढ़ आ गई, जिससे कई लोग घायल हो गए। बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे, 5 शव बरामद किए और घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया है। 

पाकिस्तान में भारी बारिश
Image Source : APपाकिस्तान में भारी बारिश

लोगों को दी गई घरों में रहने की सलाह

बाजौर के जिला आपातकालीन अधिकारी अमजद खान बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। उपायुक्त शाहिद अली ने पुष्टि की है कि सालारजई की घटना में 9 लोग मारे गए हैं और 2 गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को खार अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। अधिकारियों ने मौसम को देखते हुए लोगों को घरों में रहने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। (भाषा)

यह भी पढ़ें:

पाकिस्तान में आजादी का जश्न मनाने के दौरान हुई अंधाधुंध फायरिंग, 3 की मौत, घायल हुए 60 से अधिक लोग

भाई या कसाई! सिर्फ इतनी सी बात के लिए कर दिया बहन का कत्ल, खुले चौंकाने वाले राज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश